विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पेपर में 15 सवाल दोहराए, अटके नतीजे... डाक विभाग ने रद की PA/SA परीक्षा; 13 दिसंबर को दोबारा होगा एग्जाम

Published: Wed, 04 Nov 2026 08:27 PM (IST)

हरियाणा डाक विभाग की पदोन्नति परीक्षाओं में लगातार गड़बड़ियां सामने आ रही हैं, जहां प्रश्न दोहराए जाने के कारण पीए/एसए ...और पढ़ें

दोहराए सवाल, अटके परिणाम; डाक विभाग ने पीए और एसए परीक्षा की रद।

दोहराए सवाल, अटके परिणाम; डाक विभाग ने पीए और एसए परीक्षा की रद।

HighLights

  1. पीए/एसए परीक्षा प्रश्न दोहराए जाने के कारण रद

  2. जीडीएस से पोस्टमैन परीक्षा का परिणाम छह माह से लंबित

  3. हरियाणा डाक विभाग की परीक्षा व्यवस्था में लगातार गड़बड़ियां

दीपक बहल, अंबाला। पदोन्नति की आस में परीक्षा देने पहुंचे डाक विभाग के कर्मचारियों को कभी दोबारा परीक्षा देने की नौबत आ रही है तो कभी महीनों बाद भी परिणाम का इंतजार करना पड़ रहा है। हरियाणा डाक विभाग की परीक्षा व्यवस्था में लगातार सामने आ रही गड़बड़ियों ने कर्मचारियों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं।

दैनिक जागरण ने 26 अप्रैल 2026 को ग्रामीण डाक सेवक (जीडीएस) से पोस्टमैन पद पर पदोन्नति के लिए आयोजित परीक्षा में प्रश्न दोहराए जाने का मामला उजागर किया था। अब एक और परीक्षा में ऐसी ही चूक सामने आई है। पोस्टल असिस्टेंट (पीए) और सार्टिंग असिस्टेंट (एसए) पदों पर भर्ती के लिए दो अगस्त को आयोजित एलडीसीई/सीई परीक्षा को प्रश्नपत्र की सीरीज-बी में 15 सवाल दोहराए जाने के कारण रद कर दिया गया है।

हरियाणा डाक परिमंडल के मुख्य पोस्टमास्टर जनरल कार्यालय की ओर से तीन नवंबर को जारी आदेश के मुताबिक अब 13 दिसंबर को नए सिरे से परीक्षा कराने का निर्णय लिया गया है। संबंधित अधिकारियों को अभ्यर्थियों को सूचना देने और 30 नवंबर तक नए प्रवेश पत्र जारी करने के निर्देश दिए गए हैं।

छह माह से रिजल्ट का इंतजार, दूसरी परीक्षा भी रद

जीडीएस से पोस्टमैन पद पर पदोन्नति के लिए 31 अगस्त 2025 को परीक्षा आयोजित की गई थी। हरियाणा के विभिन्न जिलों से कर्मचारियों को अंबाला बुलाया गया था। लेकिन 27 फरवरी 2026 को परीक्षा रद कर दी गई। 26 अप्रैल को दोबारा परीक्षा कराई गई।

इस बार प्रश्नपत्र के कोड-बी में प्रश्न संख्या 36 से 50 और 86 से 100 तक सवाल दोहराए गए। जबकि कोड-ए, सी और डी के प्रश्नपत्रों में ऐसी गड़बड़ी नहीं थी। इससे कोड-बी के अभ्यर्थियों के साथ समान अवसर को लेकर सवाल खड़े हो गए। मामला दिल्ली स्थित डाक निदेशालय तक पहुंचा और अंबाला कार्यालय से जवाब तलब किया गया।

छह माह से अधिक समय बीतने पर भी परीक्षा का परिणाम घोषित नहीं हो सका है। विभागीय स्तर पर इस मामले में रिपोर्ट भेजकर उच्चाधिकारियों से मार्गदर्शन मांगा गया है। उस समय मुख्य पोस्टमास्टर जनरल मनीषा बंसल बादल ने इसे क्लेरिकल मिस्टेक बताते हुए रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को भेजने की बात कही थी।

पहले पेपर लीक, फिर परीक्षा और परिणाम पर विवाद

डाक विभाग की पदोन्नति परीक्षाओं में विवाद का यह सिलसिला नया नहीं है। मल्टी टास्किंग स्टाफ (एमटीएस) और पोस्टमैन से पोस्टल असिस्टेंट पद पर पदोन्नति के लिए 17 अगस्त 2025 को परीक्षा आयोजित हुई थी। बाद में पेपर लीक होने की बात सामने आने पर इसे रद कर दिया गया।

11 जनवरी 2026 को दोबारा परीक्षा हुई, लेकिन इसका परिणाम भी लंबे समय तक अटका रहा। इसी बीच अदालत के आदेश पर 17 अगस्त को हुई परीक्षा का परिणाम जारी करना पड़ा। इस परिणाम में उन कर्मचारियों के नाम शामिल नहीं किए गए, जिन्हें पेपर लीक से लाभ मिलने की बात सामने आई थी।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।