केजरीवाल ने कहा- गाय पर राजनीति के बजाय उसकी देखरेख करे भाजपा
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि भाजपा को गाय पर राजनीति कर वोट चाहिए, जबकि इसकी, सेवा और संरक्षण जरूरी है।
जेएनएन, अंबाला। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि भाजपा को गाय पर राजनीति कर वोट चाहिए, जबकि इसकी, सेवा और संरक्षण जरूरी है। उन्होंने यह भी कहा कि दिल्ली में आम आदमी पार्टी की सरकार अपनी गोशालाओं की न सिर्फ देखरेख कर रही है, बल्कि निजी गोशालाओं को गाय की सेवा और संरक्षण के लिए अनुदान भी देती है।
अंबाला छावनी के मोहड़ा स्थित श्री कृष्ण कृपा गोशाला आश्रम धर्मार्थ ट्रस्ट में स्वामी विकास दास से भेंट करने पहुंचे केजरीवाल धर्मार्थ ट्रस्ट मोहड़ा में साढ़े तीन घंटे तक रुके रहे। यहां पहुंचने पर स्वामी विकास दास ने उनका स्वागत किया और करीब 15 मिनट तक स्वामी के साथ केजरीवाल और प्रदेश अध्यक्ष नवीन जयहिंद की बंद कमरे में बातचीत हुई।
इस दौरान उन्होंने पार्टी के कार्यकर्ताओं से भी मुलाकात की। केजरीवाल कुछ देर के लिए मीडिया से भी मुखातिब हुए। उन्होंने नगर निगम चुनावों में भाजपा मेयर की जीत के सवाल पर कुछ नहीं बोला। उन्होंने कहा कि स्वामी आध्यात्मिक गुरु हैं और ऐसी जगह पर आकर राजनीति नहीं करनी चाहिए। प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज समेत अन्य की गाय को राष्ट्रीय पशु घोषित करने की मांग पर केजरीवाल ने कहा कि गाय पर भाजपा वोट की राजनीति कर रही है।
गौरतलब है कि स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज धर्मार्थ ट्रस्ट मोहड़ा स्थित गोशाला का नींव का पत्थर रख चुके हैं। इसके लिए वे 10 लाख रुपये और इसके साथ ही बनने वाले गुरुकुल के लिए शिक्षा मंत्री रामबिलास शर्मा 21 लाख रुपये का अनुदान दे चुके हैं। मदद के संदर्भ में केजरीवाल ने कहा है कि स्वामी जी के जो भी आदेश होंगे उन्हें पूरा किया जाएगा।