वार्डबंदी के लिये बनाई कमेटी से कांग्रेस नाखुश
अंबाला शहर में नगर निगम बनने के कारण कुछ पंचायतों का एरिया भी निगम में शामिल हो चुका है। जिसके चलते वार्डबंदी का कार्य भी लगभग पूरा हो चुका है लेकिन कांग्रेस ने इस वार्डबंदी के लिए बनाए गए सदस्यों पर अब आपत्ति जाहिर की है।
जागरण संवाददाता, अंबाला शहर : अंबाला शहर में नगर निगम बनने के कारण कुछ पंचायतों का एरिया भी निगम में शामिल हो चुका है। जिसके चलते वार्डबंदी का कार्य भी लगभग पूरा हो चुका है, लेकिन कांग्रेस ने इस वार्डबंदी के लिए बनाए गए सदस्यों पर अब आपत्ति जाहिर की है। कांग्रेसियों ने इसे एकपक्षीय बताते हुए डीसी अशोक कुमार को ज्ञापन सौंपा।
हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी कि अध्यक्ष कुमारी सैलजा ने इस समिति के गठन को अनुचित बताते हुए जिला उपायुक्त को नए सिरे से परिसीमन समिति बनाने और कांग्रेस पार्टी तथा अन्य पार्टियों के प्रतिनिधियों को शामिल करने कि मांग की है। हरियाणा प्रदेश कांग्रेस के कोषाध्यक्ष रोहित जैन ने कहा कि समिति के सभी पांच सदस्य सत्तारूढ़ पार्टी से हैं और विपक्षी पार्टी से किसी को भी नामित नहीं किया गया और न ही अन्य दल से प्रतिनिधित्व का समावेश किया। परिसीमन की प्रक्रिया को तत्काल प्रभाव से बंद किया जाए और अनिवार्य आवश्यकताओं को पूरा करने वाली एक और समिति का गठन तुरंत किया जाए। मौके पर जसबीर मलौर, चेतन चौहान, बलविन्द्र पुनिया, विजय धीमान, तरुण चुघ, देवेन्द्र वर्मा, कुलदीप सिंह गुल्लू, पवन अग्रवाल, हरीश शासन, दर्शना मेहता के प्रतिनिधि आदि मौजूद थे।
--------
-समिति में ये लोग हैं शामिल
ज्ञापन में कहा कि समिति से जुड़े पांच व्यक्तियों में राजेश गोयल जो मनोनीत पार्षद थे। कृपाल सिंह सग्गू भाजपा के सदस्य हैं जो पहले नगरपालिका के सदस्य रहे हैं। रितेश गोयल जो भाजपा विधायक के संबंधी हैं। सरला कपूर भाजपा महिला मोर्चा से जुड़ी हुई हैं। सुरेश सहोता भाजपा अनुसूचित जाति प्रकोष्ठ से जुड़े हुए है।