विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

अंबाला में दुकान पर एलईडी खरीदने गया प्रॉपर्टी डीलर, कार से 2.40 लाख रुपये से भरा बैग चोरी

Published: Sat, 21 Nov 2026 05:36 PM (IST)

अंबाला शहर के बलदेव नगर में एक प्रॉपर्टी डीलर की कार से 2.40 लाख रुपये नकद और महत्वपूर्ण दस्तावेजों से भरा बैग चोरी हो गया।

अंबाला में प्रॉपर्टी डीलर की कार से लाखों की नकदी और दस्तावेज चोरी।

अंबाला में प्रॉपर्टी डीलर की कार से लाखों की नकदी और दस्तावेज चोरी।

HighLights

  1. बलदेव नगर में प्रॉपर्टी डीलर की कार से चोरी

  2. बैग में 2.40 लाख नकद और जरूरी दस्तावेज थे

  3. सीसीटीवी फुटेज में चोर बैग निकालते दिखा, जांच जारी

जागरण संवाददाता, अंबाला शहर। बलदेव नगर में रेलवे फाटक के पास खड़ी कार से अज्ञात युवक प्रॉपर्टी डीलर का नकदी और जरूरी दस्तावेजों से भरा बैग चोरी कर ले गया। बैग में करीब 2 लाख 40 हजार रुपये नकद, 10 से 12 हस्ताक्षर किए हुए बैंक चेक, प्रॉपर्टी फर्म की मुहरें, हिसाब-किताब की डायरियां और एटीएम कार्ड सहित अन्य दस्तावेज थे।

वारदात 20 नवंबर की शाम की है। शिकायतकर्ता को घर पहुंचने के बाद कार से बैग गायब होने का पता चला। आसपास की दुकानों के सीसीटीवी कैमरे खंगालने पर एक युवक कार की ड्राइवर साइड की खिड़की खोलकर बैग निकालता दिखाई दिया। बलदेव नगर थाना पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ चोरी का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

घर से एक लाख रुपये लेकर कार्यालय गया था

शिकायतकर्ता हरकीरत सिंह निवासी चरखी मोहल्ला, अंबाला शहर ने पुलिस को बताया कि मुलाना में उसकी एमबी प्रॉपर्टी के नाम से फर्म है। 20 नवंबर को वह अपनी स्कार्पियो गाड़ी में करीब एक लाख रुपये लेकर घर से कार्यालय गया था। उसके पास पहले से भी करीब 40 हजार रुपये थे।

मुलाना में तीन ग्राहकों से उसे कुल एक लाख रुपये और मिले। इसके बाद उसके पास कुल करीब 2 लाख 40 हजार रुपये हो गए थे। शाम करीब 6:15 बजे वह मुलाना से अपने काले रंग के बैग के साथ अंबाला के लिए रवाना हुआ। रात करीब 7:15 बजे बलदेव नगर रेलवे फाटक के पास हंस इलेक्ट्रानिक्स दुकान पर पहुंचा। उसने कार दुकान के बाहर खड़ी की और अंदर चला गया।

कुछ देर बाद वापस आकर पिछली सीट पर रखा बैग उठाकर आगे की सीट पर रख दिया। इसके करीब दो मिनट बाद वह दोबारा दुकान में चला गया। इस दौरान कार लाक नहीं थी। हरकीरत ने दुकान से एलईडी खरीदी और उसे कार में रखवाकर घर चला गया।

घर पहुंचकर एलईडी निकालने के बाद जब वह बैग लेने कार में वापस आया तो बैग गायब मिला। इसके बाद वह अपने पिता के साथ दुकान पर पहुंचा और आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज चेक करवाई।

सीसीटीवी में दिखा आरोपित

शिकायत के अनुसार, हंस इलेक्ट्रानिक्स के कैमरों में कार की खिड़की खुलती दिखाई नहीं दी, लेकिन पास की परमजीत इलेक्ट्रिकल दुकान के कैमरे में एक युवक कार की ड्राइवर साइड की अगली खिड़की खोलकर बैग निकालता नजर आया।

बैग में नकदी के अलावा फर्म की तीन से चार मुहरें, हिसाब-किताब की चार से पांच डायरियां, 10 से 12 हस्ताक्षर किए हुए बैंक चेक, गाड़ी की एनओसी के कागजात और दो एटीएम कार्ड वाला पर्स भी था।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।