जाम लगाने वाले रेहड़ी और वाहन चालकों पर चलेगा डंडा
अंबाला छावनी में अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ नगर परिषद सख्त रूप अपनाने जा रहा है। सड़कों के किनारे लोगों ने रेहड़ियां लगाकर अतिक्रमण किया हुआ है।
जागरण संवाददाता, अंबाला:
अंबाला छावनी में अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ नगर परिषद सख्त रूप अपनाने जा रहा है। सड़कों के किनारे लोगों ने रेहड़ियां लगाकर अतिक्रमण किया हुआ है। साथ ही हाईवे पर भी लोगों ने रेहड़ियां लगा रखी है। जिसकी वजह से जाम की समस्याओं से जूझना पड़ता है। पुलिस की मौजूदगी में सोमवार को अभियान चलाने की तैयारी की जा रही है। सड़कों पर लगने वाली रेहड़ियों को जब्त किया जाएगा। रेहड़िया और वाहन खड़े होने से लगता है जाम
बाजारों में दुकानों के आगे एक तरफ रेहड़ियां लगती है। तो दूसरी ओर डिवाइडर के पास लोग अपने वाहनों को खड़ा कर देते है। ऐसे में आने-जाने वालों को जाम की समस्याओं का सामना करना पड़ता है। चोपहिया वाहन तो निकल भी नहीं पाते है। रोजाना लोगों को जाम की समस्या से जूझना पड़ता है। हाईवे पर धड़ल्ले से हो रहा अतिक्रमण
अंबाला-जगाधरी हाईवे पर फोरलेन चौड़ीकरण का इन दिनों तेजी से काम चल रहा है। ऐसे में लोगों को काफी समस्याओं का सामना करना पड़ता है। लेकिन महेशनगर में हाईवे के पास लोगों ने रेहड़ियों और अस्थाई दुकानें लगा ली है। जबकि नगर परिषद ने पहले भी कार्रवाई की। उसके बाद भी लोग नहीं मान रहे है। चेतावनी देने के बाद भी कुछ नहीं हो पा रहा है। यहां पर भी रोजाना जाम की समस्या बनी रहती है।