भाजपा जिलाध्यक्ष के बेटे पर हमले की जांच सीआइए-वन को सौंपी
जागरण संवाददाता, अंबाला शहर : 13 अप्रैल की रात शहर के ग्लैक्सी माल के सामने भाजपा जिलाध्यक्ष
जागरण संवाददाता, अंबाला शहर : 13 अप्रैल की रात शहर के ग्लैक्सी माल के सामने भाजपा जिलाध्यक्ष जगमोहन लाल कुमार के बेटे अमित व दोस्तों के अपहरण के प्रयास व जानलेवा हमले के मामले की जांच सीआइए-वन को सौंप दी गई है। जिलाध्यक्ष की मांग पर बलदेवनगर पुलिस से जांच ट्रांसफर कर दी गई। बलदेवनगर पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए नामजद आरोपितों प्रतीक चौधरी, ललित कुमार व कृष्ण वालिया को भी सीआइए को सौंप दिया गया। बुधवार तीनों को कोर्ट में पेश किया गया। 4 दिन का पुलिस रिमांड मांगते हुए कोर्ट को तर्क दिया गया कि संगीन अपराध में फरार चल रहे नामजद सहयोगियों की गिरफ्तारी कर वारदात में प्रयोग किए गए हथियार बरामद करने हैं। फरार आरोपित दूसरे राज्यों में शरण लिए हैं, दबिश देनी है। लेकिन कोर्ट को लगा कि तीन दिन में तमाम कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा सकती है। इसलिए शुक्रवार तक रिमांड स्वीकृत किया गया। बलदेवनगर थाने में अमित के बयानों पर दर्ज केस के मुताबिक दोनों पक्षों में शगुन पैलेस में चल रही पार्टी के दौरान मनमुटाव हुआ था। उसके बाद मौका मिलते ही ग्लैक्सी माल के पास हमला किया गया था। जानकारी के अनुसार घटना की रात अमित पार्टी के बाद अपने दोस्तों को छोड़ने जा रहा था तब कारों में सवार आरोपितों ने उनपर हमला कर दिया था।