हॉकी मैदान के लिए विज दरबार पहुंची एसोसिएशन, पुलिस लाइन मैदान में एस्ट्रोटर्फ की डिमांड
खिलाड़ियों के लिए हॉकी मैदान की तलाश में जुटी अंबाला हॉकी एसोसिएशन अब मंत्री अनिल विज के दरबार में पहुंच गई है। सोमवार को एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने मंत्री विज को हॉकी मैदान के लिए लंबे समय से चल रही डिमांड के बारे में बताया।
जागरण संवाददाता, अंबाला : खिलाड़ियों के लिए हॉकी मैदान की तलाश में जुटी अंबाला हॉकी एसोसिएशन अब मंत्री अनिल विज के दरबार में पहुंच गई है। सोमवार को एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने मंत्री विज को हॉकी मैदान के लिए लंबे समय से चल रही डिमांड के बारे में बताया। साथ ही उसने यह मांग भी की कि अंबाला शहर पुलिस लाइन मैदान को ही अपडेट कर इस में एस्ट्रोटर्फ बिछाया जाए, ताकि अंतरराष्ट्रीय मापदंडों के आधार पर खिलाड़ी प्रेक्टिस कर सकें। मंत्री विज ने आश्वासन दिया है, जिसके बाद एसोसिएशन को उम्मीद बंधी है कि हॉकी मैदान की तलाश खत्म होगी।
ऐसे छिन गया था छावनी से एस्ट्रोटर्फ
इनेलो सरकार के कार्यकाल में छावनी के वार हीरोज मेमोरियल स्टेडियम में हॉकी मैदान के लिए एस्ट्रोटर्फ का मैदान मंजूर किया गया था। इसी को लेकर उम्मीद बंधी थी कि अंबाला में अंतरराष्ट्रीय स्तर का हॉकी स्टेडियम बन जाएगा, लेकिन अचानक ही यह प्रोजेक्ट शाहाबाद शिफ्ट कर दिया गया। इसके बाद से अंबाला में हॉकी मैदान के लिए तलाश की जा रही है, लेकिन नहीं मिल पाया।
इन जगह हुई तैयारी नाकाम
छावनी के रॉबर्ट पवेलियन के पास हॉकी एसोसिएशन को मैदान बनाने की इजाजत मिली, जबकि नगर निगम (तत्कालीन) ने इसकी पैमाइश भी शुरू की, लेकिन इस जमीन पर विवाद होने के चलते इसे छोड़ना पड़ा। इसके बाद गांधी मैदान में हॉकी ग्राउंड को डेवलेप करने की कोशिश की, लेकिन बात नहीं बनी। इसी तरह एसडी सभा के स्कूल में हॉकी मैदान को लेकर प्रपोजल तैयार किया गया, लेकिन यह भी सिरे नहीं चढ़ पाया। इसी तरह बब्याल के राजकीय स्कूल को भी हॉकी मैदान के विकल्प के तौर पर लिया गया, लेकिन मामला यहां पर भी लटक गया।
पुलिस लाइन मैदान को विकसित करने की मांग
हॉकी एसोसिएशन ने पुलिस लाइन स्थित हॉकी मैदान को डेवलेप करने की डिमांड मंत्री के सामने रखी है। एसोसिएशन पदाधिकारियों का कहना है कि इस मैदान में एस्ट्रोटर्फ दिया जा सकता है, जबकि यहां पर पार्किंग आदि की भी सुविधा है। ऐसे में यदि यह डेवलेप हो जाता है, तो हॉकी के टूर्नामेंट बेहतर तरीके से कराए जा सकेंगे, जबकि अंबाला की हॉकी टीम को भी संजीवनी मिलेगी। इस दौरान एसोसिएशन के सुरजीत सिंह, जसवंत, किरण छिब्बर, प्रेम सभरवाल, संजीव कुमार, सुरजीत सिंह नन्हेड़ा, अरुण कुमार, विनोद कुमार आदि मौजूद रहे।