अंबाला में सैर कर रही महिला को कार ने मारी टक्कर, उछलकर कई फीट दूर गिरी
अंबाला शहर में सुबह की सैर के बाद सड़क पार कर रही 63 वर्षीय महिला को तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं।

अंबाला में सैर कर रही महिला को कार ने मारी टक्कर। सांकेतिक तस्वीर
HighLights
अंबाला में सुबह की सैर के बाद महिला को कार ने टक्कर मारी
हादसे में महिला के कंधे और टांग में फ्रैक्चर, सिर में चोट
टक्कर मारने के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया
जागरण संवाददाता, अंबाला शहर। सुबह की सैर के लिए घर से निकली 63 वर्षीय महिला को हर्बल पार्क के बाहर सड़क पार करते समय तेज रफ्तार कार ने पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि महिला सड़क पर जा गिरी और उसके दाहिने कंधे व बाईं टांग में फ्रैक्चर हो गया। सिर में भी चोट आई।
हादसे के बाद कार चालक ने कुछ दूरी पर वाहन रोका, लेकिन मौके पर भीड़ जुटती देख महिला को घायल अवस्था में छोड़कर फरार हो गया। घायल महिला को पहले जिला नागरिक अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से उसे चंडीगढ़ रेफर किया गया। बाद में परिजन उसे मोहाली के फोर्टिस अस्पताल ले गए। महिला के बयान पर बलदेव नगर थाना पुलिस ने आरोपित कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
विवेक विहार निवासी 63 वर्षीय कमलेश ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि 26 नवंबर की सुबह करीब 5:20 बजे वह अपने पति विनोद खरबंदा के साथ कार में सवार होकर हर्बल पार्क पहुंची थीं।
दोनों ने पार्क के गेट के पास अपनी गाड़ी निर्धारित दिशा में खड़ी की और लाक करने के बाद पार्क में जाने के लिए सड़क पार करने लगे। इसी दौरान पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस की तरफ से आई सफेद रंग की कार ने उन्हें पीछे से सीधी टक्कर मार दी।
कमलेश के मुताबिक टक्कर मारने के बाद कार चालक कुछ कदम आगे जाकर रुका। कार का नंबर नोट कर लिया था। चालक ने अपना नाम हरविंद्र सिंह निवासी पुरानी बकरा मंडी, अंबाला शहर बताया। हालांकि, कुछ ही देर में मौके पर लोगों की भीड़ जुटने लगी तो वह अपनी कार सहित वहां से फरार हो गया।