विदेश भागकर भी नहीं बच पाया अंबाला का हत्यारोपित, कजाखस्तान के अल्माटी से भारत लाया गया आशीष कुमार
शादी समारोह में हुए विवाद के बाद हत्या कर कजाखस्तान भागे आशीष कुमार को सीबीआई और हरियाणा पुलिस ने भारत वापस ला दिया है। आरोपी को 23 नवंबर को नई दिल्ली पहुंचने पर हिरासत में लिया गया।
-1795450981954_m.webp)
अंबाला हत्याकांड: कजाखस्तान से भारत लाया गया हत्या का आरोपी आशीष कुमार।
HighLights
शादी विवाद में हत्या कर आरोपी कजाखस्तान भागा था।
सीबीआई और हरियाणा पुलिस ने आरोपी को वापस लाया।
इंटरपोल रेड नोटिस के बाद आरोपी का पता चला।
जागरण संवाददाता, अंबाला। शादी समारोह में हुए विवाद के बाद एक व्यक्ति की हत्या कर विदेश भागे आरोपित को आखिरकार भारत वापस लाया गया है। केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने हरियाणा पुलिस के साथ समन्वय कर वांछित आरोपित आशीष कुमार को कजाखस्तान से भारत लाने में सफलता हासिल की है। आरोपित 23 नवंबर को नई दिल्ली पहुंचा, जहां हरियाणा पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया।
सीबीआई के अनुसार, यह मामला नवंबर 2025 का है। एक शादी समारोह के दौरान मृतक और आरोपित के बीच विवाद हुआ था। इसके बाद जब मृतक समारोह स्थल से अपने वाहन में लौट रहा था, तो आरोपित ने अपने साथियों के साथ मिलकर रास्ते में उसकी गाड़ी को रोक लिया। इसके बाद मृतक पर बेरहमी से हमला किया गया। हमले में उसे गंभीर चोटें आईं, जिनके कारण उसकी मौत हो गई।
मामले में हरियाणा पुलिस की ओर से आरोपित की तलाश की जा रही थी। पुलिस के अनुरोध पर सितंबर 2026 में इंटरपोल के माध्यम से उसके खिलाफ रेड नोटिस जारी कराया गया। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर तलाश के दौरान आरोपित का पता कजाखस्तान के अल्माटी स्थित इमिग्रेशन अधिकारियों के माध्यम से चला।
इसके बाद सीबीआई ने विदेश मंत्रालय, गृह मंत्रालय और हरियाणा पुलिस के साथ समन्वय कर आरोपित को भारत वापस लाने की प्रक्रिया पूरी की।
सीबीआई भारत में इंटरपोल के राष्ट्रीय केंद्रीय ब्यूरो के रूप में काम करती है और भारत-पोल के माध्यम से देश की विभिन्न जांच एजेंसियों को अंतरराष्ट्रीय पुलिस सहयोग उपलब्ध कराती है। सीबीआई के मुताबिक, वर्ष 2019 से अब तक इंटरपोल के माध्यम से 300 से अधिक वांछित अपराधियों को भारत वापस लाया जा चुका है। वर्ष 2026 में अब तक 75 फरार आरोपितों की वापसी सुनिश्चित की गई है।