अंबाला में गुरुपर्व पर परिवार गया गुरुद्वारा, चोरों ने खाली कर दिया घर; लाखों के गहने और नकदी उड़ाई
अंबाला के शहजादपुर में एक परिवार के गुरुपर्व पर गुरुद्वारा साहिब जाने के दौरान चोरों ने उनके घर से लाखों रुपये के गहने और नकदी चुरा ली। पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

अंबाला के घर में चोरों ने उड़ाई जेवर और नकदी (जागरण प्रतीकात्मक फोटो)
HighLights
परिवार गुरुपर्व पर गुरुद्वारा साहिब गया था, घर में चोरी हुई।
चोरों ने घर से लाखों के गहने और नकदी चुराई।
शहजादपुर पुलिस ने अज्ञात आरोपितों के खिलाफ केस दर्ज किया।
संवाद सहयोगी, शहजादपुर। बंद मकान से लाखों रुपये के गहने चोरी का मामला सामने आया है। घटना के समय परिवार गुरुपर्व के अवसर पर गुरुद्वारा साहिब गया हुआ था।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर अज्ञात आरोपित के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। छोटा गढ़ गांव निवासी जसपाल सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह अकबरपुर स्थित एक प्राइवेट स्कूल में चालक हैं। 24 नवंबर को वह गुरुपर्व के मौके पर परिवार के साथ सुबह करीब ग्यारह बजे गांव बड़ागढ़ के गुरुद्वारा साहिब में प्रार्थना करने गए थे।
दोपहर करीब एक बजे जब वह परिवार सहित घर लौटे तो मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ मिला और अंदर कमरों व स्टोर में सारा सामान बिखरा पड़ा था।
जांच करने पर पता चला कि अज्ञात आरोपित चहारदीवारी के ऊपर गली से मकान में घुसे। आरोपित घर से दो जोड़ी सोने के कड़े, दो सोने की चेन, एक सोने की अंगूठी, एक मर्दाना अंगूठी, दो जोड़ी सोने के टाप्स, चार जोड़ी चांदी की पाजेब और डेढ़ लाख रुपये नकद चोरी कर ले गए।
चोरी की गई संपत्ति की कुल कीमत 12.5 लाख रुपये आंकी गई है। शहजादपुर थाना पुलिस ने जसपाल सिंह की शिकायत पर अज्ञात आरोपित के विरुद्ध केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।