अंबाला में कार की मांग पूरी नहीं हुई तो विवाहिता को बनाया नौकरानी, ससुरलियों ने मारपीट कर घर से निकाला
अंबाला में दहेज में कार न मिलने पर एक विवाहिता को प्रताड़ित किया गया, मारपीट कर घर से निकाला गया। पति, सास-ससुर और ननद के खिलाफ मामला दर्ज हुआ है, जिसमें ससुर पर दुष्कर्म के प्रयास का भी आरोप है।

अंबाला में कार की मांग पूरी नहीं हुई तो विवाहिता को बनाया नौकरानी (प्रतीकात्मक फोटो)
HighLights
दहेज में कार न मिलने पर विवाहिता को प्रताड़ित किया गया
ससुर पर बुरी नीयत से छेड़छाड़ और दुष्कर्म के प्रयास का आरोप
मारपीट कर बेटे संग घर से निकाला, पुलिस ने केस दर्ज किया
जागरण संवाददाता, अंबाला। दहेज में कार की मांग पूरी नहीं होने पर विवाहिता को प्रताड़ित करने, मारपीट कर घर से निकालने और जान से मारने और कार की डिमांड पूरी नहीं करने पर घर से निकाल देने मामला सामने आया है।
शहर थाना पुलिस ने अब पति सहित सास-ससुर पर केस दर्ज किया है। अंबाला शहर की एक विवाहिता ने अपने पति, सास, ससुर और ननद के खिलाफ पुलिस अधीक्षक को शिकायत देकर दहेज प्रताड़ना, घरेलू हिंसा, छेड़छाड़, दुष्कर्म के प्रयास और स्त्रीधन वापस नहीं करने सहित कई गंभीर आरोप लगाए थे।
शिकायत में ससुर पर बुरी नीयत से छेड़छाड़ और दुष्कर्म का प्रयास करने का आरोप भी लगाया गया है। वहीं, पति पर मोबाइल फोन में निगरानी रखने वाला साफ्टवेयर डालने और उसके पास मौजूद कथित सबूत मिटाने का आरोप है।
पुलिस अधीक्षक कार्यालय में 14 अक्टूबर को दी गई शिकायत के अनुसार, विवाहिता की शादी 17 मई 2019 को अंबाला शहर में हुई थी। विवाहिता का आरोप है कि शादी में करीब 15 लाख रुपये खर्च किए। वर्ष 2024 में दांतों में दर्द होने के बावजूद घर लौटने पर सास ने उससे घर की सफाई करवाई।
विरोध करने पर पति ने उसके साथ लात-घूंसों से मारपीट की। इस दौरान पंजाब पुलिस की पीसीआर भी मौके पर पहुंची थी। आरोप है कि ससुराल पक्ष ने माफी मांगकर कानूनी कार्रवाई नहीं करने का भरोसा दिया, लेकिन कुछ समय बाद फिर से प्रताड़ना शुरू कर दी।
पति और सास पर चाय में नशीला पदार्थ मिलाने के आरोप
शिकायत में जनवरी 2026 की एक घटना का जिक्र करते हुए विवाहिता ने आरोप लगाया कि घर में अकेली होने के दौरान ससुर ने उसके साथ गलत हरकत करने और दुष्कर्म का प्रयास किया।
विरोध करने पर उसे जान से मारने की धमकी दी गई। उसने यह भी आरोप लगाया कि ससुर उसकी इंस्टाग्राम आइडी से तस्वीरें लेकर उसके मायके पक्ष को भेजता था।
वहीं, पति और सास पर कथित तौर पर चाय में नशीला पदार्थ मिलाकर देने की आशंका जताई है। विवाहिता के अनुसार, कई बार पंचायतें हुईं और ससुराल पक्ष ने भविष्य में मारपीट नहीं करने का भरोसा दिया, लेकिन हालात नहीं सुधरे। मार्च और मई में भी उसके साथ मारपीट की गई। कार की मांग पूरी नहीं होने पर 25 मई को उसे अपने नाबालिग बेटे के साथ ससुराल से निकाल दिया गया। इसके बाद वह मायके में रहने लगी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।