अंबाला में फॉर्च्यूनर की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत, ड्राइवर को लोगों ने पकड़ा; हिमाचल का रहने वाला था मृतक
अंबाला-चंडीगढ़ नेशनल हाईवे पर फॉर्च्यूनर की टक्कर से 22 वर्षीय कार्तिक राणा की मौत हो गई। वह नोएडा में कार्यरत ...और पढ़ें
-1794311135284_m.webp)
हादसा स्थल पर पहुंचे लोग। फोटो जागरण
HighLights
अंबाला-चंडीगढ़ हाईवे पर फॉर्च्यूनर ने बाइक सवार को टक्कर मारी।
हादसे में 22 वर्षीय कार्तिक राणा की मौके पर मौत हुई।
आरोपी फॉर्च्यूनर चालक को भीड़ ने पकड़कर पुलिस को सौंपा।
जागरण संवाददाता, अंबाला। अंबाला-चंडीगढ़ नेशनल हाईवे पर सुल्तानपुर चौक के पास फार्च्यूनर गाड़ी की टक्कर से बाइक सवार 22 वर्षीय युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर निवासी कार्तिक राणा के रूप में हुई है। वह नोएडा की एक निजी कंपनी में नौकरी करता था और सोमवार सुबह अपने घर से रायल एनफील्ड बाइक पर सवार होकर नोएडा के लिए निकला था।
रास्ते में अंबाला में हुए हादसे में उसकी जान चली गई। हालांकि लोगों की भीड़ ने मौके से गाड़ी भगा रहे कार चालक की गाड़ी पर पत्थर और ईंटें बरसा दी थी और बाद में उसे पुलिस के सुपुर्द भी कर दिया था। इसकी सोशल मीडिया पर फुटेज भी खूब वायरल हो रही है। आरोपित कार चालक को पुलिस अपने साथ ले जाते हुए भी नजर आ रही है। इसके बावजूद पुलिस ने मृतक के मामा मदन लाल के बयान पर फार्च्यूनर के अज्ञात चालक के खिलाफ केस दर्ज किया है।
पुलिस को दिए बयान में मदन लाल निवासी गांव भंजवानी, जिला बिलासपुर, हिमाचल प्रदेश ने बताया कि उसकी बड़ी बहन माया देवी हिमाचल प्रदेश पुलिस में कांस्टेबल के पद पर कार्यरत है और करीब तीन साल से अपने बच्चों के साथ पुलिस लाइन क्वार्टर बिलासपुर में रह रही है। माया देवी का बेटा कार्तिक राणा करीब 22 वर्ष का था और नोएडा की एक निजी कंपनी में नौकरी करता था।
दोपहर करीब साढ़े 3 बजे हुआ था हादसा
मदन लाल के अनुसार 9 नवंबर को सुबह करीब 11 बजे कार्तिक अपनी रायल एनफील्ड मोटरसाइकिल पर सवार होकर बिलासपुर से नोएडा के लिए निकला था। दोपहर करीब साढ़े तीन बजे जब वह अंबाला-चंडीगढ़ नेशनल हाईवे पर सुल्तानपुर चौक के पास उसकी बाइक का कार से एक्सीडेंट हो गया था। बाद परिजनों को सूचना मिली कि हादसे में लगी चोटों के कारण कार्तिक की मौत हो गई और उसका शव सिविल अस्पताल अंबाला शहर की मोर्चरी में रखा गया है।
फॉर्च्यूनर चालक पर लापरवाही का आरोप
मामा मदन लाल ने पुलिस को बताया कि कार्तिक की बाइक को सफेद रंग की फार्च्यूनर के चालक ने तेज रफ्तार और लापरवाही से चलाते हुए टक्कर मारी थी। हादसे के बाद पुलिस ने मौके से दुर्घटनाग्रस्त रायल एनफील्ड बाइक और बिना नंबर प्लेट की फार्च्यूनर को क्रेन की मदद से हटवाकर चौकी परिसर में सुरक्षित खड़ा करवाया। मंगलवार को पोस्टमार्टम के बाद मृतक के शव को स्वजनों के सुपुर्द कर दिया गया।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।