रुकने का किया इशारा किया तो होमगार्ड के जवानों पर बरातियों से भरी बस चढ़ाने का प्रयास
बरातियों से भरी स्कूल बस को पालिटेक्निक चौक अंबाला शहर में होमगार्ड के जवानों ने रूकने का इशारा किया। ओवरलोड बस रुकी तो नहीं लेकिन चालक ने बस को भगाते हुए होमगार्ड के दोनों जवानों पर बस चढ़ाने का प्रयास किया और मौके से फरार हो गया। इसके बाद होमगार्ड के जवानों ने उसका पीछा नहीं छोड़ा।
जागरण संवाददाता, अंबाला शहर
बरातियों से भरी स्कूल बस को पालिटेक्निक चौक अंबाला शहर में होमगार्ड के जवानों ने रूकने का इशारा किया। ओवरलोड बस रुकी तो नहीं लेकिन चालक ने बस को भगाते हुए होमगार्ड के दोनों जवानों पर बस चढ़ाने का प्रयास किया और मौके से फरार हो गया। इसके बाद होमगार्ड के जवानों ने उसका पीछा नहीं छोड़ा। करीब दो किलोमीटर दूर अनाज मंडी के गेट के पास बस चालक को पकड़ लिया। इस बस के आगे बरातियों की एक अन्य कार भी थी। जैसे ही होमगार्ड के जवानों ने बस चालक को नीचे उतारा तो बरात थी मौके पर एकजुट हो गए और विवाद थाने तक पहुंच गया।
दरअसल हुआ यूं कि अंबाला शहर में पालीटेक्निक चौक के पास अकसर भारी व ओवरलोड वाहनों की चेकिग होती है। रविवार को परीक्षा के दौरान व्यवस्था बनाने के लिए होमगार्ड के जवान पुलिस बल के साथ मौके पर तैनात थे। इसी बीच एक स्कूल बस आई। इस बस में बराती भरे थे और बस क्षमता से ज्यादा भरी थी। होमगार्ड रवि और साहब सिंह ने जैसे ही इस बस को रूकवाने के लिए इशारा किया तो बस चालक ने गति बढ़ा ली और दोनों गार्ड की अनदेखी करते हुए उनकी परवाह किए बिना वहां से भागने का प्रयास किया। लेकिन होमगार्ड के दोनों जवानों ने बस का पीछा किया। मानव चौक से करीब 500 मीटर पहले अनाज मंडी के पास बस को रोक लिया गया। इस तरह अनाज मंडी रोड पर सुबह करीब पौने 12 बजे काफी देर हंगामा हुआ और जाम की स्थिति पैदा हो गई। होमगार्ड के जवान बस चालक को अपने साथ थाने में ले गए। समाचार लिखे जाने तक किसी भी व्यक्ति के खिलाफ केस दर्ज नहीं हुआ था। पुलिस मामले की जांच में जुटी थी।