अंबाला में एक्टिवा की टक्कर से पूर्व सैनिक की मौत, काली पलटन पुल के पास हुआ हादसा
अंबाला छावनी में कालीपलटन पुल के पास मोटरसाइकिल और एक्टिवा की टक्कर में पूर्व सैनिक वजीर सिंह (58) की मौत ...और पढ़ें
-1794569791975_m.webp)
एक्टिवा की टक्कर से पूर्व सैनिक की मौत। सांकेतिक फोटो
HighLights
अंबाला में एक्टिवा-मोटरसाइकिल टक्कर में पूर्व सैनिक की मौत।
पुलिस ने अज्ञात एक्टिवा चालक के खिलाफ एफआईआर दर्ज की।
मृतक के बच्चों के आने पर होगा शव का पोस्टमार्टम।
जागरण संवाददाता, अंबाला। अंबाला छावनी क्षेत्र में कालीपलटन पुल के पास वीरवार सुबह को मोटरसाइकिल और एक्टिवा की टक्कर होने से पूर्व सैनिक वजीर सिंह (58) की मौत हो गई। वजीर सिंह अपनी मोटरसाइकिल पर सवार होकर कोला गांव से कालीपलटन पुल की ओर आ रहे थे। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया।
पूर्व सैनिक वजीर सिंह के पुत्र सेना में हैं और उनकी बेटी कनाडा में नौकरी कर रही हैं। बच्चों के आने के बाद शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। उधर, पड़ाव थाना पुलिस ने उनकी पत्नी की शिकायत पर अज्ञात एक्टिवा चालक के खिलाफ एफआइआर दर्ज कर ली है।
थाना सेक्टर-9 क्षेत्र के सौंडा वासुदेव नगर निवासी कुलविंद्र कौर ने बताया कि उनके पति वजीर सिंह सेना से सेवानिवृत्त थे।वीरवार को सुबह करीब सात बजे उनके पति मिलिट्री अस्पताल अंबाला छावनी में दवा लेने के लिए निकले थे। जब वह कोला से काली पलटन पुल के पास पहुंचे तो एक एक्टिवा सवार ने उनकी मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
आस-पास के लोगों ने उन्हें तुरंत ही उपचार के लिए मिलिट्री अस्पताल पहुंचाया। जहां पर चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इसके बाद उन्होंने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर मामले की जांच की। शव को कब्जे में लेकर अंबाला छावनी के नागरिक अस्पताल के शवगृह में रखवा दिया है।
जांच अधिकारी राजेश ने बताया कि एफआइआर दर्ज कर एक्टिवा सवार की तलाश शुरू कर दी है। आस-पास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।
बेटे और बेटी के पहुंचने पर होगा पोस्टमार्टम
जांच अधिकारी राजेश ने बताया कि मृतक पूर्व सैनिक वजीर सिंह के बेटे भी आर्मी में हैं और वर्तमान में उनकी तैनाती लद्दाख में है। उनकी बेटी कनाडा में नौकरी कर रही हैं। दोनों को हादसे की सूचना दी गई है। दोनों के आने के बाद ही शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा।