अंबाला रेलवे स्टेशन से 4 साल के बच्चे का अपहरण, आरोपी दंपती को पुलिस ने किया गिरफ्तार
अंबाला छावनी रेलवे स्टेशन से चार साल के बच्चे का अपहरण करने वाले दंपती को राजपुरा स्टेशन पर गिरफ्तार किया गया। बच्चे की सूझबूझ से आरपीएफ ने अपहरणकर्ताओं को पकड़ा और जीआरपी को सौंप दिया।

अंबाला छावनी रेलवे स्टेशन से चार साल के बच्चे का अपहरण।
HighLights
अंबाला छावनी रेलवे स्टेशन से चार साल के बच्चे का अपहरण
राजपुरा स्टेशन पर बच्चे की सूझबूझ से राजफाश हुआ
अपहरणकर्ता दंपती को जीआरपी ने हिरासत में लिया
जागरण संवाददाता, अंबाला। छावनी रेलवे स्टेशन से चार साल के बच्चे को अपहरणकर्ताओं ने बहलाकर अपने साथ ले जाने की कोशिश की, लेकिन राजपुरा रेलवे स्टेशन पर उसकी एक बात ने पूरे मामले का राजफाश कर दिया।
आरपीएफ की टीम को बच्चे के साथ संदिग्ध हालत में मिले दंपती ने उसे अपना बेटा बताया, लेकिन मासूम ने साफ कह दिया- ये मेरे मम्मी-पापा नहीं हैं। बच्चे की इस बात से आरपीएफ का शक गहरा गया। पूछताछ हुई तो सामने आया कि दंपती ने मिलकर अंबाला छावनी रेलवे स्टेशन से बच्चे का अपहरण किया था।
आरपीएफ ने दोनों को हिरासत में लेकर अंबाला छावनी जीआरपी के हवाले कर दिया। जीआरपी ने बच्चे के पिता की शिकायत पर दोनों के खिलाफ अपहरण का केस दर्ज कर लिया है। मंगलवार को दोनों को अदालत के सामने पेश किया जाएगा।
बच्चे को बाल कल्याण समिति के सामने पेश कर काउंसिलिंग कराई जाएगी। मूल रूप से उत्तर प्रदेश के खीरी जिले के टेगुनखर्रम नगर निवासी निरंजन ने बताया कि वह राज मिस्त्री का काम करता है। करीब 10 साल पहले नेहा के साथ शादी हुई थी। उनके दो बच्चे हैं, जिनमें एक की उम्र सात साल और एक चार साल की है।
उन्होंने बताया कि रविवार को गांव जाने के लिए अंबाला छावनी रेलवे स्टेशन पहुंचे थे। रात को प्लेटफार्म पर सोते समय उनका चार साल का बेटा प्रेम लापता हो गया। सोमवार सुबह उन्हें सूचना मिली कि उनका बच्चा राजपुरा में आरपीएफ को मिला है। राजपुरा पहुंचा और बच्चे की पहचान की। पुलिस ने मामले की जांच की तो पता चला कि उत्तर प्रदेश के बहराइच के रहने वाले विष्णु और उनकी पत्नी बच्चे को चुराकर ले गए थे।
आरपीएफ ने दोनों को हिरासत में लेकर अंबाला छावनी जीआरपी पुलिस को इसकी सूचना दी। जीआरपी थाना पुलिस राजपुरा रेलवे स्टेशन पहुंची और दोनों आरोपितों को हिरासत में लेकर अंबाला ले आई।
बच्चे बोला- मेरे माता-पिता नहीं हैं
राजपुरा रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ की टीम को सोमवार सुबह संदिग्ध हालत में घूमता हुआ एक बच्चा मिला। आरपीएफ ने तुरंत ही बच्चे के माता-पिता की तलाश की।
आरोपित वहां पहुंच गए और आरपीएफ से कहा कि यह उनका बच्चा है। लेकिन, बच्चे ने बता दिया कि ये मेरे मम्मी-पापा नहीं हैं। आरपीएफ को शक हुआ और दोनों को हिरासत में लेकर सख्ती से पूछताछ की। जिससे पूरे मामले का राजफाश हो गया।
आरोपितों की नहीं है कोई संतान
शुरुआती पूछताछ में आरोपित विष्णु ने बताया कि वह लुधियाना में रहकर काम करता है। उनकी कोई संतान नहीं है। जिस कारण उन्हें एक बच्चे की आवश्यकता थी। इसी की तलाश में अंबाला छावनी रेलवे स्टेशन पहुंचा था।
जहां पर उन्हें एक परिवार के साथ सोता हुआ चार साल का बच्चा मिला था। उन्होंने बच्चे को उठाकर लालच दिया और अपने साथ लेकर लुधियाना के लिए रवाना हो गए। राजपुरा में ट्रेन से उतरा था। उसी समय पुलिस ने दबोच लिया।
आरोपित पति-पत्नी हैं और मिलकर वारदात को अंजाम दिया था। दोनों के खिलाफ एफआइआर दर्ज कर ली है। दोनों को अदालत में पेश किया जाएगा। - राजकुमार, प्रभारी थाना जीआरपी अंबाला।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।