शहर दिखेगा स्वच्छ, हर वार्ड में होंगे 20 सफाई कर्मचारी
शहर को स्वछ रखने और हर वार्ड में नियमित सफाई हो इसके लिए नगर निगम ने प्लानिंग बनाई है। नगर निगम के दायरे में पहले 11 वार्ड थे जबकि अब इनकी संख्या बढ़कर 20 हो चुकी है।
जागरण संवाददाता, अंबाला शहर : शहर को स्वच्छ रखने और हर वार्ड में नियमित सफाई हो इसके लिए नगर निगम ने प्लानिंग बनाई है। नगर निगम के दायरे में पहले 11 वार्ड थे जबकि अब इनकी संख्या बढ़कर 20 हो चुकी है। कुछ क्षेत्रों को नगर निगम की सीमा में शामिल किया गया है। ऐसे में सफाई व्यवस्था को नियमित बनाए रखना भी चुनौती है। इसी कारण निगम प्रशासन सभी वार्डो में 20 सफाई कर्मचारियों की ड्यूटी लगाने की योजना बना रहा है। गौरतलब है कि नगर निगम में करीब 567 सफाई कर्मचारी तैनात हैं।
मालूम हो कि नगर निगम स्वच्छता रैंकिग में सुधार के लिए नियमित प्रयास में जुटा है। इसलिए नगर निगम आयुक्त प्रतिदिन सुबह में सफाई व्यवस्था देखने के लिए अलग-अलग वार्डो में पहुंच रहे हैं। अभी सबसे ज्यादा परेशानी उन क्षेत्रों में आ रही है जो अभी-अभी नगर निगम की सीमा में शामिल हुए हैं। इन क्षेत्रों में सफाई व्यवस्था बिल्कुल बिगड़ी हुई है। इन इलाकों में सफाई व्यवस्था को बनाए रखना चुनौती है। सफाई व्यवस्था बिगड़ने का एक कारण यह भी है कि नए वार्डों में दो से तीन कर्मचारी की ही ड्यूटी लगी है। इस कारण नाले और नालियों की नियमित सफाई तक नहीं होती है। नालियों से पानी का निकासी बंद होने से सड़कों पर गंदा पानी भरता है। नगर निगम की मानें तो जो वार्ड बड़े हैं उनमें एक से दो सफाई कर्मी अतिरिक्त लगाए जाएंगे।
------------ वर्जन
नगर निगम के 20 वार्डों में सफाई कर्मियों की संख्या समान की जाएगी। इसके लिए नगर निगम की तरफ से सूची तैयार की जा रही है। हर वार्ड में सफाई कर्मियों की ड्यूटी बराबर होने से सफाई का कार्य बेहतर होगा।
मदन लाल, मुख्य सफाई निरीक्षक, नगर निगम