बाइक रैली के लिए किसानों को किया प्रेरित
भारतीय किसान यूनियन की अंबाला कार्यकारिणी के सदस्यों ने ब्लाक वन के गांवों का दौरा किया। किसानों को रैली में पहुंचने के लिये न्योता दिया।
जागरण संवाददाता, अंबाला शहर : भारतीय किसान यूनियन की अंबाला कार्यकारिणी के सदस्यों ने ब्लाक वन के गांवों का दौरा किया। किसानों को रैली में पहुंचने के लिये न्योता दिया। बुधवार को चौड़मस्तपुर, अमीपुर, खैरा, उदयपुर, नडियाली, पंजोला, महमूदपुर आदि गांवों में 15 अगस्त को होने वाली मोटरसाइकिल रैली के लिए प्रेरित किया।
भारतीय किसान यूनियन के ब्लाक वन के प्रधान सुखविदर सिंह ने बताया कि सरकार ने किसानों को बर्बाद करने के लिए तीन अध्यादेश तैयार किए हैं। यह रैली उन्हीं के विरोध में आयोजित की जा रही है। इसके अलावा उन्होंने बताया कि यह अध्यादेश केवल किसान विरोधी ही नहीं है बल्कि मजदूर विरोधी, छोटा दुकानदार विरोधी, व्यापारी विरोधी है। क्योंकि इनसे किसानों के अलावा इन सभी छोटे बड़े व्यापारियों का भी धंधा चौपट हो जाएगा। इसलिए किसान रैली को कामयाब बनाने के लिए जी जान से जुटे हुए हैं। मौके पर सुखविदर सिंह, जय सिंह, अमरजीत सिंह, नवनीत सिंह आदि मौजूद रहे।