घर में घुसकर किया क्वारंटाइन हुए युवक पर हमला, 520 पौंड सहित मैकबुक छीनकर फरार
विदेश से आया युवक क्वारंटाइन किया गया जबकि गांव के हमलावरों ने साजिश रचकर घर में घुसकर हमला कर दिया। इतना ही नहीं रिवाल्वर के दम पर आरोपितों ने युवक की मैकबुक सहित 520 यूके पौंड भी छीन लिए।
संवाद सहयोगी, नारायणगढ़ : विदेश से आया युवक क्वारंटाइन किया गया, जबकि गांव के हमलावरों ने साजिश रचकर घर में घुसकर हमला कर दिया। इतना ही नहीं रिवाल्वर के दम पर आरोपितों ने युवक की मैकबुक सहित 520 यूके पौंड भी छीन लिए। घायल को अस्पताल लाया गया, जहां उसका उपचार किया गया। मामला खेतों में बिना अनुमति पानी देने को लेकर हुआ, जिसको लेकर पीड़ित रजत के पिता ने विरोध किया था। पुलिस ने शिकायत के आधार पर जगबिद्र, सुरेंद्र उर्फ छिदा, अभिषेक उर्फ बब्बू, अंकित, आकाश, साहिल नारा, विकास नारा, रॉबिन, सतपाल के खिलाफ मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है। आरोपित अपने को राणा ग्रुप के बता रहे थे।
शिकायत में रजत निवासी गांव भूखड़ी ने बताया कि 5 अगस्त को गांव के जगबिद्र व उसके भाई सुरेंद्र उर्फ छिदा ने हमारे ट्यूबवेल से बिना पूछे अपने खेतों में पानी देना शुरू कर दिया। इस पर उसके पिता ने विरोध किया, जिस पर बहसबाजी भी हुई। करीब साढ़े तीन बजे जब उसका पिता घर पर पहुंच, तो जगबिद्र, उसकी पत्नी व बेटे अभिषेक उर्फ बब्बू ने बहसबाजी शुरू कर दी। परिवार के सदस्यों ने इन लोगों को भगा दिया। रजत ने बताया कि वह लंदन से आया है और उसे कोरोना हो गया था। उपचार के बाद वह स्वस्थ हो गया, जबकि अपने घर पर ही डाक्टरों की सलाह से क्वारंटाइन था। इसी दौरान आरोपितों ने साजिश रचकर कुछ अन्य लोगों के साथ उनके घर में घुस आए।
एक आरोपित साहिल नारा रिवाल्वर लेकर उनके घर में आया। आरोपितों ने उसके पापा के बारे में पूछताछ शुरू कर दी और कहा कि यदि पिता के बार में नहीं बताया, तो वे उसे जान से मार देंगे। इस दौरान आरोपितों ने हमला कर उसे घायल भी कर दिया। इस बीच आरोपितों ने उसकी मैकबुक सहित 520 यूके पौंड भी छीन लिए। इसी दौरान परिवार के कुछ और सदस्य आए, जिस पर यह आरोपित उसे जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। घायल रजत को परिजन नागरिक अस्पताल नारायणगढ़ लेकर आए। यहां पर डाक्टरों ने उसे प्राथमिक उपचार दिया, जिसके बाद उसे सेक्टर छह पंचकूला स्थित अस्पताल रेफर कर दिया।