वामन द्वादशी आज, पूर्व संध्या पर शहर हुआ रोशन
परंपरागत रूप से कई परिवार घर में नए आए बच्चे और नवविवाहित जोड़ों को माथा टिकाते हैं ताकि खुशहाल जीवन जी सके।
जागरण संवाददाता, अंबाला शहर: कृष्ण पक्ष की द्वादशी आज है और इसी दिन भगवान वामन का जन्मदिन हुआ। खुशी में श्रद्धालुओं ने पूर्व संध्या पर शहर को लाइटों और दीपों से रोशन कर दिया। कार्यक्रम की शुरुआत कुरुक्षेत्र सांसद नायब सैनी ने आतिशबाजी से की। इसके बाद पुरानी अनाज मंडी में जोरदार आतिशबाजी हुई। पंडाल में सुबह से ही भजन कीर्तन शुरू हो गया था। पांचों मंदिर के हिडोले मंडी में ही विराजमान होने के कारण दूर-दूर से श्रद्धालु ने दर्शन किए और मन्नतें मांगी। परंपरागत रूप से कई परिवार घर में नए आए बच्चे और नवविवाहित जोड़ों को माथा टिकाते हैं, ताकि खुशहाल जीवन जी सके।
कार्यक्रम में सांसद नायब सैनी करीब साढ़े 7 बजे पहुंच गए थे, जिन्होंने आतिशबाजी की शुरुआत करवायी। वह आठ बजे कार्यक्रम से चले गए। इसके बाद करीब सवा आठ बजे अंबाला सांसद रतनलाल कटारिया पहुंचे और पूजा-अर्चना की। हजारों की तादाद में श्द्धालुओं ने हिडोलो में सजाए भगवान वामन के दर्शन किए। राष्ट्रीय स्तर पर दिलाएंगे पहचान: कटारिया
कटारिया ने प्राचीन संस्कृति को संजोए रखने के लिए मेले के आयोजकों की सराहना की और भगवान वामन के प्रकट दिवस की बधाई दी। उन्होंने कहा कि तीज-त्यौहार और मेले भारतीय संस्कृति का अभिन्न अंग हैं और यह मेले भारतीय संस्कृति को विश्व पटल पर अलग पहचान प्रदान करते हैं। उन्होंने कहा कि अंबाला के इस मेले के एतिहासिक और धार्मिक महत्व को देखते हुए इसे राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलवाने के सभी संभव प्रयास किये जा रहे हैं। भजनों पर झूमे श्रद्धालु
मौके पर कलाकार ने गीतों व भजनों से दर्शकों का मनोरंजन किया। बरखा एंड पार्टी की रासलीला ने सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। एकम न्यास संस्था ने फ्रूट प्रसाद की सेवा की। साथ ही लोगों को कपड़े के थैले बांट पोलीथिन का इस्तेमाल न करने की सीख दी। मौके पर सनातन धर्म सभा के अध्यक्ष जीत राम अग्रवाल, सचिव विनोद गर्ग आदि मौजूद रहे।