मंगेतर को घर छोड़ने जा रहे युवक का अपहरण कर पीटा, साथी से भी मारपीट
मंगेतर को उसके घर छोड़ने जा रहे युवक का अपहरण कर उसके साथ डंडे-बिडों से मारपीट की गई। इतना ही नहीं उसे लहुलूहान करने के बाद आरोपितों ने उसके दूसरे साथी के साथ भी मारपीट की।
जागरण संवाददाता, अंबाला शहर : मंगेतर को उसके घर छोड़ने जा रहे युवक का अपहरण कर उसके साथ डंडे-बिडों से मारपीट की गई। इतना ही नहीं उसे लहुलूहान करने के बाद आरोपितों ने उसके दूसरे साथी के साथ भी मारपीट की। गंभीर हालत में दोनों को जिला नागरिक अस्पताल पहुंचाया गया जहां से एक को पीजीआइ रेफर कर दिया गया जबकि दूसरी को उपचार के बाद घर भेज दिया गया। फिलहाल पुलिस इस मामले की जांच में जुटी है। अंबाला शहर देवी नगर के रहने वाले सन्नी ने बताया कि उसकी सगाई पुरानी मिर्च मंडी अंबाला शहर में रहने वाली एक लड़की से हुई है। वह लड़की उसके परिजनों से मिलने आई थी। बुधवार रात को करीब 10 बजे वह जब अपनी मंगेतर को उसके घर छोड़ने के लिए निकला तो छह- सात युवकों ने उसे रोक लिया। पहले उसकी मंगेतर को भी साथ चलने के लिए कहा लेकिन जब उसने इंकार किया तो उसे जबरदस्ती उठा लिया और हीरा नगर में सुए के पास उसके साथ जमकर मारपीट की। उसे डंडे-बिडों और हथियारों से पीटा। उसके सिर में भी चोटें मारी। इसके बाद उसे लहूलुहान कर वहीं छोड़कर फरार हो गए। इसके बाद कुछ अन्य लड़कों ने मिलकर उसके दोस्त नरेश विहार में रहने वाले उसके दोस्त बंटी उर्फ जसविद्र सिंह की रात करीब एक बजे पिटाई की। गंभीर हालत में उसे शहर के सिविल अस्पताल पहुंचाया गया जहां से उसे पीजीआइ रेफर कर दिया गया।जबकि सन्नी को उपचार के बाद घर भेज दिया गया। सन्नी ने पिता ने बताया कि हमलावर उसके बेटे पर आरोप लगा रहे हैं कि उनकी बेटी को तंग करता है। इस बारे में पहले भी पंचायत हुई थी और पंचायत में मामला निपट भी गया था और सन्नी उस लड़की से मिल भी नहीं रहा था। लेकिन आरोपितों ने उसी रंजिश के चलते उसके बेटे पर हमला कर उसे जान से मारने का प्रयास किया।