दिल्ली में प्रदर्शन के चलते 179 ट्रेनें प्रभावित, अंबाला-कुरुक्षेत्र समेत कई रूटों पर ट्रेनें रद; चेक करें लिस्ट
दिल्ली में 10 अक्टूबर को प्रस्तावित प्रदर्शन के कारण रेलवे ने 170 यात्री ट्रेनें रद्द कर दी हैं और 9 ट्रेनों को गाजियाबाद तक सीमित किया है।

दिल्ली में प्रदर्शन के चलते 179 ट्रेनें प्रभावित। फाइल फोटो
HighLights
दिल्ली में 10 अक्टूबर को प्रदर्शन के कारण ट्रेनें प्रभावित।
कुल 170 यात्री ट्रेनें रद्द, 9 गाजियाबाद तक सीमित।
यात्री यात्रा से पहले ट्रेन की स्थिति अवश्य जांचें।
जागरण संवाददाता, अंबाला। दिल्ली में 10 अक्टूबर को प्रस्तावित प्रदर्शन के चलते रेलवे ने यात्री ट्रेनों के संचालन में बदलाव किया है। उत्तर रेलवे की ओर से जारी सूचना के अनुसार, कुल 170 यात्री ट्रेनें रद रहेंगी, जबकि नौ ट्रेनों को गाजियाबाद स्टेशन तक ही चलाया जाएगा या वहीं से वापस किया जाएगा। इससे दिल्ली आने-जाने वाले यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
रेलवे के अनुसार, प्रदर्शन का समय सुबह चार बजे से दोपहर दो बजे तक निर्धारित है। इसके मद्देनजर दिल्ली, नई दिल्ली, गाजियाबाद, पानीपत, कुरुक्षेत्र, अंबाला छावनी और कालका सहित विभिन्न स्टेशनों से जुड़ी यात्री ट्रेनें प्रभावित होंगी। सूची में ट्रेन नंबर 14331 दिल्ली जंक्शन-अंबाला छावनी-कालका और ट्रेन नंबर 14332 कालका-सहारनपुर-दिल्ली जंक्शन भी शामिल हैं। दोनों ट्रेनें 10 अक्टूबर को रद रहेंगी।
जानकारी के बाद ही निकलें घर से
इसके अलावा दिल्ली-पानीपत, पानीपत-दिल्ली, कुरुक्षेत्र-दिल्ली और दिल्ली-जींद रूट की कई यात्री ट्रेनें भी रद की गई हैं। कुछ ट्रेनों को गाजियाबाद तक सीमित किया गया है। ऐसे में यात्रियों को घर से निकलने से पहले अपनी ट्रेन की स्थिति की जानकारी लेने की सलाह दी गई है।
रेलवे ने यात्रियों से ट्रेन की ताजा स्थिति जानने के लिए राष्ट्रीय ट्रेन पूछताछ प्रणाली (एनटीईएस) की वेबसाइट या हेल्पलाइन नंबर 139 पर संपर्क करने को कहा है। वहीं रोहतक से जाने वाली कई ट्रेनें भी रद की गई हैं। शुक्रवार रात से ही कई जगहों पर सुरक्षा की दृष्टि से जांच अभियान भी चलाया गया।
रोहतक-दिल्ली एक्सप्रेस समेत कई ट्रेन रद
रेलवे के अधिकारियों कहना है कि रोहतक में चार बजे से दोपहर दो बजे के बीच की महत्वपूर्ण ट्रेनों को रद किया जाएगा। ऐसे में रोहतक से गुजरने वाली तिलकब्रिज-भिवानी एक्सप्रेस, भिवानी-तिलकब्रिज एक्सप्रेस, हिसार-नई दिल्ली पैसेंजर और नई दिल्ली-हिसार पैसेंजर ट्रेन रद रहेगी। इसके अलावा रोहतक-दिल्ली एक्सप्रेस समेत कई ट्रेन रद कर दी गई है।
