मोती नगर में मनाई गई महंत निर्मला की 13वीं पुण्यतिथि
मोती नगर में श्री कबीर जन कल्याण सेवाश्रम नगर खेड़ा की संस्थापिका महंत निर्मला महाराज की 13वीं पुण्य तिथि पर वार्षिक संत सम्मेलन हुआ। इसके साथ ही भंडारा लगाया गया। इस अवसर पर कई आश्रम मठ मंदिरों से संत महंत मंडलेश्वर उपस्थित हुए।
जागरण संवाददाता, अंबाला शहर: मोती नगर में श्री कबीर जन कल्याण सेवाश्रम नगर खेड़ा की संस्थापिका महंत निर्मला महाराज की 13वीं पुण्य तिथि पर वार्षिक संत सम्मेलन हुआ। इसके साथ ही भंडारा लगाया गया। इस अवसर पर कई आश्रम, मठ, मंदिरों से संत महंत, मंडलेश्वर उपस्थित हुए। उन्होंने अपनी वाणी वचन प्रवचनों से संगत को निहाल किया आश्रमाध्यक्ष आचार्य सनातन चैतन्य महाराज ने संबोधित करते हुए कहा कि वर्षो से अयोध्या में श्री राम मंदिर को लेकर चल रहे विवाद को देश के सर्वोच्च न्यायालय ने फैसला सुनाकर विराम लगा दिया है। इस फैसले से किसी की हार व जीत नहीं हुई।
संत सम्मेलन कार्यक्रम में सभी महापुरुषों ने अपने प्रवचन क्रम में अयोध्या श्री राम मंदिर संबंध को जिक्र करते हुए सतलोकवासी महंत निर्मला महाराज को स्मरण कर श्रद्धांजलि अर्पित किये। विभिन्न स्कूलों के बच्चों ने कबीर भाषण व दोहा प्रतियोगिता का भी कार्यक्रम हुआ। भाषण में कुमारी वैष्णवी वर्मा प्रथम, कुमारी साक्षी द्वितीय व तुषार कुमार तृतीय स्थान प्राप्त किया और सस्वर दोहा उच्चारण में योगेश कुमार प्रथम, राजन कुमार द्वितीय व कुमारी मालता तृतीय स्थान प्राप्त किया। सभी प्रथम, द्वितीय व तृतीय स्थान प्राप्त किये बच्चों को विशेष पुरस्कार शिल्ड, प्रशस्ति पत्र व अन्य सभी प्रतिभागी बच्चों को भी कापी पेन, स्मृति चिन्ह आचार्य सनातन चैतन्य महाराज, रितेश गोयल व दलजीत सिंह भाटिया द्वारा प्रदान किया गया। संत सम्मेलन की अध्यक्षता श्री अखण्ड गीता मंदिर आश्रम के महंत स्वामी कैलाश स्वरूपानंद महाराज व मंच का कुशल संचालन कबीर कुटी आश्रम कुरुक्षेत्र के महंत देवनरायण शास्त्री कर रहे थे।
सत्यनाम श्वेत ध्वजारोहण किया गया। कार्यक्रम में विशेष रूप से स्वामी अंतस्वरूपानंद, साध्वी मां वेदभारती वृन्दावन, महंत गुरु मुख साहेब शास्त्री, महंत शितल दास बिहट्टा, महंत चेतन साहेब, स्वामी सुरेशानंद, भारती गिरि, साध्वी तारा, संत सेवा दास, संत शितल दास, संत निर्भय दास, डॉ.ओमप्रकाश कबीर पंथी, रोशन लाल फौजी, प्रहलाद सिंह ठाकुर उपस्थित रहे।