अंबाला में बड़ा हादसा, ट्रैक्टर-ट्रॉली की चपेट में आने से बच्ची की मौत
अंबाला छावनी के बब्याल सैनिक नगर में रविवार को एक ट्रैक्टर-ट्राली की टक्कर से 11 वर्षीय कृपा की मौत हो ...और पढ़ें
-1794246257911_m.webp)
हादसे में बच्ची की मौत। सांकेतिक फोटो
HighLights
अंबाला में ट्रैक्टर-ट्राली से 11 वर्षीय बच्ची की मौत।
कपड़े सुखाने जा रही कृपा को ट्रैक्टर ने कुचल दिया।
परिजनों ने नशे में धुत चालक पर लगाए गंभीर आरोप।
जागरण संवाददाता, अंबाला। अंबाला छावनी क्षेत्र के बब्याल सैनिक नगर में रविवार सुबह करीब 11 बजे मिट्टी से लदे ट्रैक्टर-ट्राली की टक्कर लगने से कृपा (11) की मौत हो गई। कृपा घर के बाहर खाली प्लाट में कपड़े सुखाने के लिए जा रही थी। टक्कर लगते ही बच्ची सड़क पर गिर गई और ट्रैक्टर का पहिया उसके ऊपर से निकल गया, जिससे उसकी मौत हो गई।
बच्ची की मौत के बाद स्वजनों ने चालक पर नशे की हालत में ट्रैक्टर चलाने के आरोप लगाए हैं। पुलिस ने बच्ची के पिता की शिकायत पर एफआइआर दर्ज कर ली है। ट्रैक्टर-ट्राली को कब्जे में ले लिया है।
बब्याल के गुरमेल सिंह ने बताया कि उनके पांच बच्चे हैं, तीन बेटे और दो बेटियां। उनकी बड़ी बेटी कृपा सरकारी स्कूल में कक्षा सात में पढ़ाई कर रही थी। रविवार को वह करीब 11 बजे घर के सामने खाली प्लाट में पड़ी लकड़ी पर कपड़े सुखाने के लिए जा रही थी।
जैसे ही वह घर से निकलकर सड़क पर आई तो मिट्टी से लदी ट्रैक्टर-ट्राली के चालक ने उसे सीधी टक्कर मार दी, जिससे वह सड़क पर गिर गई और ट्रैक्टर का पहिया उसके ऊपर से गुजर गया, जिससे बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई।
हादसे के बाद आस-पास के लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई और तुरंत ही बच्ची को घायल अवस्था में अंबाला छावनी के नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां पर कुछ देर बाद ही उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
पिता की शिकायत पर ट्रैक्टर चालक के खिलाफ एफआइआर दर्ज कर ली। उधर, हादसे के बाद चालक मौके से भाग गया। पुलिस ने ट्रैक्टर को अपने कब्जे में ले लिया है।
पहले दीवार में मारी टक्कर
गुरमेल सिंह ने बताया कि ट्रैक्टर चालक ने नशा कर रखा था। वह तेज गति से ट्रैक्टर को लेकर उनकी गली में पहुंचा। पहले उसने एक दीवार में टक्कर मारी। वहां हादसा होने के बाद उसने ट्रैक्टर की गति और बढ़ा दी और उनकी बेटी को सीधी टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौत हो गई। उन्होंने ट्रैक्टर चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।