स्टेच्यू ऑफ यूनिटी देखने 11 दिनों में 1.28 लाख पर्यटक पहुंचे
सरदार वल्लभ भाई पटेल की विश्व की विशालतम प्रतिमा स्टेच्यू ऑफ यूनिटी को देखने पिछले 11 दिनों में 1.28 लाख पर्यटक पहुंचे हैं।
वडोदरा, प्रेट्र। गुजरात के नर्मदा जिले में बनी सरदार वल्लभ भाई पटेल की विश्व की विशालतम प्रतिमा स्टेच्यू ऑफ यूनिटी को देखने पिछले 11 दिनों में 1.28 लाख पर्यटक पहुंचे हैं।
अधिकारियों के अनुसार, अकेले शनिवार और रविवार को ही केवडि़या गांव स्थित इस 182 मीटर ऊंची प्रतिमा को 50 हजार से अधिक लोगों ने देखने का आनंद उठाया।
सरदार सरोवर नर्मदा निगम लिमिटेड (एसएसएनएनएल) के सुप्रीटेंडिंग इंजीनियर आरजी कानूनगो ने बताया कि प्रतिमा को जनता के लिए खोले जाने के दिन एक नवंबर से ही रविवार तक करीब 1.28 लाख पर्यटक आ चुके हैं। यहां शनिवार को 27 हजार से अधिक पर्यटक और रविवार को 24 हजार से अधिक पर्यटक आए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विगत 31 अक्टूबर को इस विशालतम प्रतिमा का अनावरण किया था। पर्यटन के प्रधान सचिव एसजे हैदर ने बताया कि पहले ही दिन दस हजार से अधिक पर्यटक आए थे। पर्यटकों की संख्या हर दिन बढ़ती ही जा रही है। सरकार यहां किसी भी तादाद में पर्यटकों का स्वागत करने में सक्षम है। गुजरात के इस नए पर्यटन स्थल पर देश-विदेश से लोग आ रहे हैं। उन्होंने बताया कि गुजरात को पर्यटन में इस साल 17 फीसद सालाना विकास दर हासिल हुई है।
स्टेच्यू ऑफ यूनिटी से अब राज्य सरकार का पर्यटन से आने वाला राजस्व और बढ़ेगा। 2,989 करोड़ रुपये की लागत से बनी दुनिया की सबसे विशाल प्रतिमा अमेरिका की स्टेच्यू ऑफ लिबर्टी से दोगुनी ऊंची है। स्टेच्यू ऑफ यूनिटी के आसपास गुजरात सरकार ने और भी आकर्षण विकसित किए हैं। नर्मदा बांध रिजर्व की झील के किनारे दो टेंट सिटी स्थापित की गई हैं। यहां पर्यटकों को ठहराने की व्यवस्था है। विशालतम प्रतिमा के अंदर 135 मीटर की ऊंचाई पर एक साथ 200 लोगों की क्षमता वाली दर्शकदीर्घा बनाई गई है। इस दर्शकदीर्घा से आसपास के मनोरम और विहंगम दृश्यों को देखा जा सकता है। हर दिन पांच हजार लोगों को ले जाने वाली दो विशाल लिफ्ट भी मौजूद हैं।