एनकाउंटर फेम वंजारा का बेटा रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार
एनकाउंटर फेम डीजी वंजारा के एक्जीक्यूटिव मजिस्ट्रेट बेटे अर्जुन सिंह 75 हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़े गए हैं। अर्जुन के साथ ही उप-तहसीलदार जसवंत सिंह भी पकड़ा गया।
वडोदरा। गुजरात के एनकाउंटर फेम डीजी वंजारा के एक्जीक्यूटिव मजिस्ट्रेट बेटे अर्जुन सिंह 75 हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़े गए हैं। अर्जुन के साथ ही उप-तहसीलदार जसवंत सिंह भी पकड़ा गया है। एसीबी की दबिश में अर्जुन सिंह की कार से 3.27 लाख रुपए बरामद हुए हैं, जबकि उप-तहसीलदार जसवंत सिंह से 26,142 रुपए बरामद किए गए। दोनों को एसीबी ने गिरफ्तार कर लिया है।
अर्जुन सिंह वडोदरा में एक्जीक्यूटिव मजिस्ट्रेट हैं। 57000 वर्गफुट के भूखंड से जुड़ा आदेश जारी करने के एवज में वरसाडा गांव के ग्रामीण से एक लाख रुपए की रिश्वत मांगी थी। मोलभाव के बाद सौदा 75 हजार में तय हुआ था। एसीबी के उप निदेशक पीआर गेलोट ने बताया कि वरसाडा निवासी चिंतन पटेल की इंटोला गांव में 57000 वर्गफुट जमीन है, जो उनके नाम पर दर्ज होने के बावजूद यशवंत सिंह चौहाण नामक व्यक्ति ने फर्जी दस्तावेजों के सहारे इस भूखंड पर दावा कर दिया था। इस बाबत कच्ची एंट्री भी करवा ली। मूल जमीन मालिक-किसान इस मुद्दे को लेकर तहसीलदार कार्यालय में शिकायत करके चक्कर काट रहा था। जब उससे इस काम के लिए रिश्वत मांगी गई तो उसने एसीबी को फोन पर शिकायत कर दी थी।