Gujarat: लोहे की पाइप से हमला कर फोरमैन की हत्या, चार गिरफ्तार
Death Of Man In Beating. मजदूरों और कंपनी के सिविल फोरमैन के बीच नोकझोक के बाद छह मजदूरों ने लोहे की पाइप से हमला कर फोरमैन की हत्या कर दी।
अहमदाबाद, जेएनएन। Death Of Man In Beating. गुजरात के अहमदाबाद शहर के साबरमती क्षेत्र में जारी हाईस्पीड रेलवे प्रोजेक्ट के कार्य के दौरान औजारों को इश्यू करने में मजदूरों और कंपनी के सिविल फोरमैन के बीच नोकझोक के बाद छह मजदूरों ने लोहे की पाइप से हमला कर फोरमैन की हत्या कर दी। इसके बाद मौके से फरार हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही साबरमती पुलिस का काफिला आ पहुंचा। पुलिस ने मामला दर्ज कर पश्चिम बंगाल के चार आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। इस मामले में फरार दो मजदूरों की तलाश जारी हैं।
जानकारी के अनुसार, साबरमती रेलवे एथलेटिक ग्राउंड पर बीएल कश्यप एंड संस लिमिटे़ड कंपनी द्वारा हाईस्पीड रेलवे टर्मिनल प्रोजेक्ट का कार्य जारी हैं। कंपनी में सुपरवाइजर के पद पर दामोदर कुमार सिंह एवं सिविल फोरमैन के तौर पर विंध्याचल सिंह काम कर रहे हैं। इस प्रोजेक्ट के लिए सिविल फोरमैन को 10 मजदूर दिए गए हैं। वहीं, मजदूरों के मुंशी के पद पर सनाउल शेख एवं विंध्याचल सिंह के बीच मजदूरी के लिए औजारों के बांटते समय झगड़ा हुआ था। इसके थोड़ी देर में ही दोनों शांत हो गए थे।
हालांकि कुछ ही देर बाद इसकी अदावत रखकर सनाउल शेख और मान्मद जब्बार शेख लोहे की पाइप लेकर विंध्याचल सिंह पर टूट पड़े थे। इसके अलावा अन्य मजदूरों ने भी विंध्याचल सिंह पर पथराव किया। वहीं, इस हमले में घायल विंध्याचल सिंह को साबरमती के निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
सुपरवाइजर दामोदर सिंह ने साबरमती पुलिस थाने में मामले की शिकायत दर्ज करवाई। मामले की छानबीन कर पुलिस ने शउभांकर फनी मंडल, राजू अकरम शेख, संजय तपेश मंडल, और मुलाम रब्बानी हबीबुल मोमीन को गिरफ्तार कर लिया। इस मामले के फरार आरोपित मोहम्मद सनाउल शेख और मोहम्मद जब्बार शेख की तलाश जारी है। पुलिस इस मामले में शेष आरोपितों को गिरफ्तार करने के लिए छापेमारी कर रही है।