सरदार सरोवर बांध को भरना गुजरात का हकः विजय रूपाणी
Sardar Sarovar Dam. मुख्यमंत्री विजय रूपाणी ने कहा है कि सरदार सरोवर बांध को पूरा भरना गुजरात का अधिकार है।
अहमदाबाद, शत्रुघ्न शर्मा। सितंबर का माह गुजरात के लिए कई खुशियां लेकर आया है। सरदार सरोवर बांध 138 मीटर के जलस्तर को छूने वाला है। 17 सितंबर को पीएम नरेंद्र मोदी का जन्म दिन व राज्य में भाजपा की सदस्य संख्या करीब डेढ़ करोड़ हो गई अर्थात हर चौथा व्यक्ति भाजपा का सदस्य बन चुका है।
मुख्यमंत्री विजय रूपाणी व भाजपा अध्यक्ष जीतूभाई वाघाणी की मौजूदगी में गांधीनगर भाजपा मुख्यालय श्रीकमलम पर आयोजित एक समीक्षा बैठक में नर्मदा नीर के स्वागत के लिए महाआरती का फैसला किया गया। प्रधानमंत्री का जन्म दिन 14 से 21 सितंबर तक सेवा सप्ताह के रूप में मनाने का निर्णय किया गया। साथ ही, राज्य में भाजपा के 46 लाख नए सदस्य बनने पर भी उत्सव मनाकर उनका स्वागत करने का फैसला हुआ।
प्रधानमंत्री मोदी के जन्म दिन 17 सितंबर को मुख्यमंत्री विजय रूपाणी व उपमुख्यमंत्री नितिन पटेल सरदार सरोवर बांध पहुंचकर नर्मदाके नीर की महाआरती कर नर्मदा माता का स्वागत करेंगे। नर्मदा बांध में लगातार पानी की अच्छी आवक के चलते वह जल्द ही अपने पूर्ण जलस्तर 138 मीटर को छूने वाला है।
भाजपा अध्यक्ष वाघाणी ने कहा कि वर्ष 1995 से राज्य में भाजपा सरकार है, केशुभाई पटेल, नरेंद्र मोदी, आनंदीबेन पटेल, विजय रूपाणी ने मुख्यमंत्री के रूप में बांध की ऊंचाई बढ़ाने के लिए उल्लेखनीय कार्य किए। बांध पहली बार ऐतिहासिक जलस्तर तक भरने वाला है। भाजपा राज्यभर में 5000 स्थलों पर उत्सव मनाकर नर्मदा नीर का स्वागत करेगी व प्रधानमंत्री मोदी के जन्म दन की खुशियां मनाएंगे। वाघाणी ने कहा कि राज्य में भाजपा के 46 लाख से भी अधिक सदस्य बने हैं। राज्य में पहले से करीब एक करोड़ लोग भाजपा के सदस्य हैं। अब राज्य का हर चौथा व्यक्ति भाजपा का सदस्य बन गया।
सरदार सरोवर नर्मदा बांध पहली बार 138 मीटर के उच्च्तम जल स्तर को छूने वाला है। इससे पहले ही राजनीतिक बयानबाजी भी तेज हो गई है। मुख्यमंत्री विजय रूपाणी ने कहा है कि बांध का पूरा भरना गुजरात का अधिकार है। मध्य प्रदेश के विस्थािपितों को गुजरात ने संपूर्ण मुआवजे का भुगतान कर दिया है।
गांधीनगर में भाजपा व उसके आनुषांगिक संगठनों के पदाधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक के बाद रूपाणी ने कहा कि गुजरात के साथ वर्ती कांग्रेस सरकारों ने अन्याय किया, बांध की ऊंचाई में बार-बार बाधा खड़ी कर राज्य के विकास को रोकने का प्रयास किया गया। रूपाणी ने कहा कि 2014 के बाद प्रधानमंत्री बनते ही मोदी ने 17 दिन के भीतर बांध की ऊंचाई बढ़ाने के साथ दरवाजे बंद करने की भी मंजूरी दिलाई। रूपाणी ने कहा कि मध्य प्रदेश सरकार अदालत में बांध को पूरा भरने का विरोध कर रही है, जो अनुचित है।
वहीं, भाजपा अध्यक्ष वाघाणी ने कहा कि कांग्रेस ने बांध के नाम पर पत्थर लगाकर वोट बैंक की राजनीति की है। बांध की ऊंचाई नहीं बढ़े, इसके लिए आठ साल तक यूपीए सरकार बांध की फाइल को दबाकर बैठी रही।