सीएम ने किया था उद्घाटन, पुलिस ने उसी ब्रिज को शराब से किया तर
वडसर-कलाली ब्रिज पर पुलिस ने जब्त अवैध शराब का जत्था नष्ट किया। इसे लेकर पूरे शहर में चर्चा है कि आखिर शराब नष्ट करने के लिए ब्रिज को ही क्यों चुना गया?
वडोदरा। शहर के वडसर-कलाली ब्रिज पर पुलिस ने जब्त अवैध शराब का जत्था नष्ट किया। इसे लेकर पूरे शहर में चर्चा है कि आखिर शराब नष्ट करने के लिए ब्रिज को ही क्यों चुना गया? यह काम तो किसी खाली मैदान पर भी किया जा सकता था। गौरतलब बात यह है कि इस ब्रिज का उद्घाटन हाल ही में सीएम आनंदीबेन पटेल ने किया था।
वडोदरा में वडसर से कलाली इलाके तक बना यह ब्रिज काफी महत्वपूर्ण है। इसके बनने से शहरवासियों को न सिर्फ ट्रैफिक जाम से ही निजात मिली, बल्कि वडसर से कलाली तक का रास्ता भी छोटा हो गया है। मंगलवार शाम को ब्रिज पर जब शराब का जत्थे पर बुलडोजर चलवाया गया, तब एक ओर से ब्रिज बंद कर दिया गया था। इससे शहरवासियों में काफी रोष था। इसके अलावा यह गैर-कानूनी भी है। कोर्ट के निर्देशानुसार शराब सिर्फ खाली मैदान में ही नष्ट की जा सकती है।