Woman Arrested: सूरत में प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या के आरोप में गिरफ्तार
Woman Arrested. गुजरात के सूरत में प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या के आरोप में पुलिस ने एक महिला को गिरफ्तार किया है।
अहमदाबाद, जेएनएन। गुजरात की सूरत पुलिस ने एक मामले में एक महिला को गिरफ्तार किया है। दरअसल, महिला पर आरोप है कि उसने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या करने के लिए उसे जांहगीरपुर तालाब के पास बुलाया। यहां प्रेमी और उसके पति के बीच मारपीट होने लगी। दोनों लड़ते-लड़ते तालाब में गिर गए और डूबने से दोनों की मौत हो गई। घटना के बाद महिला अपने मायके भाग गई। हालांकि जांच के बाद पुलिस को पूरी हकिकत पता चली। जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
यह मामला जहांगीरपुरा पुलिस थाना क्षेत्र का है। यहां मोरभागल खांड़ाकुआ गांव में रहते कमल योगेशभाई पटेल (34) की शादी सात वर्ष पहले सेगवा वसवारी गांव में रहने वाले पूर्व सरपंच रमेश भाई पटेल की पुत्री खुशबू के साथ हुई थी। शादी के बाद दोनों के तीन साल की बच्ची भी है। खुशबू पेशे से शिक्षिका है, जबकि कमल योगेश भाई कमल मेटर वाइंडिंग की दुकान चलाता था।
जाहंगीपुर पुलिस ने बताया कि खुशबू डेढ़ साल पहले अडाजण शहर में आयोजित एक वर्कशॉप में गई थी। वहां उसकी मुलाकात ओलपाड़ के बरबोधन गांव निवासी तुषार उत्तमभाई पटेल (27) से हुई थी। दोनों एक-दूसरे से मोबाइल पर बाते करते थे। धीरे-धीरे इनके बीच प्यार हो गया और दोनों समाज से चोरी-छिपे मिलने लगे। चार महीने पहले ही पत्नी के प्रेम प्रसंग की जानकारी पति कमल को मिली तो उसने प्रेमी तुषार और पत्नी के साथ झगड़ा किया। पत्नी खुशबू अपने प्रेमी तुषार के साथ रहना चाहती थी। इसलिए वह पति को तलाक देने के लिए मजबूर कर रही थी। लेकिन वह तलाक देने से मना कर रहा था। जिसके बाद खुशबू ने प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या करने का प्लान बनाया।
पति की हत्या कर उसे दुर्घटना का रूप देने के लिए तालाब के पास बुलाया
जाहंगीपुर पुलिस ने बताया कि कमल को तैरना नहीं आता था। इसलिए खुशबू और उसके प्रेमी ने हत्या कर उसे दुर्घटना का रूप देने के लिए उसे तालाब में डुबो कर मारने का प्लान बनाया। जिसके तहत मंगलवार रात खुशबू ने अपनी बेटी को लेने के लिए पति कमल को फोन कर जाहंगीरपुर के कंटारागाम तालाब के पास बुलाया। कमल जैसे ही वहां पहुंचा तो घात लगाये बैठे प्रेमी तुषार और खुशबू ने उस पर हमला कर दिया। हालांकि कमल ने हिम्मत कर पत्नी के प्रेमी तुषार को पकड़ लिया और दोनों लड़ते-लड़ते तालाब में जा गिरे।
जिसमें दोनों की डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद खुशबू अपने मायके भाग गई। सूचना मिलने का बाद पुलिस का काफिला पहुंचा। पुलिस ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट व जांच के आधार पर खुशबू से पूछताछ की तो उसने पूरी घटना का खुलासा किया। पुलिस ने आरोपित खुशबू को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई शुरू की है।