विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सूरत हत्याकांड में खुलासा: 50 लाख के इंश्योरेंस क्लेम के लिए 6 लोगों को नहर में फेंका, एक आरोपी गिरफ्तार

Published: Fri, 27 Nov 2026 10:46 AM (IST)

सूरत में एक परिवार के छह सदस्यों के अपहरण और चार की हत्या का मामला बीमा फर्जीवाड़े से जुड़ा है। मृतक दंपति पर पहले भी 50 लाख के फर्जी बीमा क्लेम का आरोप था।

News Article Hero Image

HighLights

  1. सूरत में परिवार के अपहरण-हत्या का मामला बीमा फर्जीवाड़े से जुड़ा।

  2. मृतक दंपति पर 50 लाख के फर्जी बीमा क्लेम का आरोप था।

  3. एक आरोपी दयानंद भदाने गिरफ्तार, तीन अन्य फरार हैं।

डिजिटल डेस्क, अहमदाबाद। महाराष्ट्र के जलगांव जिले के एक परिवार के छह सदस्यों के अपहरण और उनमें से चार की हत्या के मामले में 50 लाख और 10 लाख रुपये केसूरत हत्याकांड में खुलासा: 50 लाख के इंश्योरेंस क्लेम के लिए 6 लोगों को नहर में फेंका, आरोपी गिरफ्तार बीमा फर्जीवाड़े का एंगल सामने आया है।

इस परिवार का एक 16 वर्षीय लड़का अभी भी लापता है, जबकि छठा सदस्य 13 वर्षीय लड़का नहर में धकेले जाने के बाद तैरकर बाहर निकलने में कामयाब रहा और उसने पुलिस को पूरी घटना की सूचना दी।

बीमा फर्जीवाड़े के मामले में आरोपी था मृतक दंपति

पुलिस जांच में पता चला है कि मृतक दंपति, कविता और नितेश पाटिल, के खिलाफ 19 नवंबर को जलगांव के मेहुनबारे पुलिस स्टेशन में धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया गया था।

एक बीमा कंपनी के सलाहकार द्वारा दर्ज कराई गई इस शिकायत में कविता और नितेश के साथ आकाश पाटिल, प्रेमचंद पाटिल और एक जांच अधिकारी को भी आरोपी बनाया गया था।

शिकायतकर्ता का आरोप था कि कविता और नितेश ने झूठा दावा किया था कि कविता के पूर्व पति संजय पाटिल की मौत एक कार से हुई सड़क दुर्घटना में हुई है, जबकि पुलिस सूत्रों के अनुसार, संजय की मृत्यु टीबी की बीमारी से हुई थी।

जांच में फंसने के डर से वापस लिया था 50 लाख का दावा

एफआईआर के मुताबिक, बीमा दावे की जांच में कई खामियां पाई गईं और जब कविता को लगा कि फर्जीवाड़ा पकड़ा जा सकता है, तो उसने जांच के दौरान ही अपना 50 लाख रुपये का दावा वापस ले लिया।

हालांकि, आरोपियों ने डेबिट कार्ड के साथ मिलने वाले बीमा कवर के तहत 10 लाख रुपये का दावा करके रकम हासिल कर ली थी।

सूरत के पुलिस अधीक्षक राजेश गढ़िया ने बताया कि आशंका है कि इस फर्जीवाड़े में शामिल अन्य लोगों ने अपना राज छिपाने के लिए दंपति और उनके परिवार की हत्या करवा दी, लेकिन असली मकसद की पुष्टि मुख्य आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद ही हो सकेगी।

बारडोली के पास अपहरण के बाद नहर में मिले शव

पूरा परिवार 21 नवंबर को एक वैन से जलगांव के एरंडोल से निकला था, जिसके बाद गुजरात के बारडोली के पास से सभी छह सदस्यों का अपहरण कर लिया गया।

अगले ही दिन रविवार को कविता का शव एक नहर से बरामद हुआ, जबकि मंगलवार को उसके पति नितेश उर्फ भूरियो और कविता की पहली शादी से हुई 9 वर्षीय बेटी स्वीटी के शव मिले।

गुरुवार को बारडोली ग्रामीण पुलिस थाना क्षेत्र में कविता और नितेश के 2 वर्षीय बेटे प्रथमेश का शव भी बरामद कर लिया गया। वहीं, नहर में धकेले जाने के बाद कविता का 16 वर्षीय बेटा अब भी लापता है, जबकि 13 वर्षीय बेटे ने तैरकर अपनी जान बचाई।

छह पुलिस टीमें तलाश में जुटीं

पुलिस ने अपहरण और हत्या की इस वारदात में कथित भूमिका के लिए 34 वर्षीय दयानंद उर्फ खंडियो भदाने को गिरफ्तार किया है। पुलिस का कहना है कि भदाने को हत्या के पीछे के असली मकसद की जानकारी नहीं है। उसने अन्य आरोपियों के निर्देश पर काम किया था।

इस मामले में कम से कम तीन अन्य संदिग्ध अभी फरार हैं, जिनकी तलाश के लिए पुलिस की छह टीमें जुटी हुई हैं और जलगांव पुलिस भी सूरत पुलिस के साथ मिलकर जांच में सहयोग कर रही है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।