मुस्लिम के सीने में धड़का हिंदू का दिल
बाइक फिसल जाने से अमित हड़पति नीचे गिर गए और उनके सिर में गंभीर चोट लग गई। बेहोशी की हालत में उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
सूरत, राज्य ब्यूरो। कहा जाता है कि मानवता से बड़ा कोई धर्म नहीं होता है। गुजरात के नवसारी निवासी अमित हड़पति मरने के बाद यही धर्म निभा रहे हैं। ब्रेनडेड से होने से हड़पति की मौत हो गई। उनके परिवार की सहमति से उनका दिल आंणद के शोहेल वोहरा के शरीर में ट्रांसप्लांट किया गया है। इस तरह दिवंगत हिंदू युवक का दिल अब मुस्लिम युवक के शरीर में धड़कने लगा है।
नवसारी जिले के अमित हड़पति आठ जुलाई 2017 की शाम 8.30 बजे अपने दोस्त के साथ बाइक से बिलीमोरा की ओर जा रहे थे। रास्ते में चांगा गांव के पास उनकी मोटर साइकिल के सामने एक कुत्ता आ गया। बाइक फिसल जाने से अमित हड़पति नीचे गिर गए और उनके सिर में गंभीर चोट लग गई। बेहोशी की हालत में उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
12 जुलाई को अस्पताल के चिकित्सकों ने अमित को ब्रेन डेड घोषित कर दिया। ब्रेनडेड होने की जानकारी मिलने के बाद डोनेट लाइफ की टीम ने अमित के परिवार वालों को अंग दान केलिए समझाया। अमित के परिवार वालों के राजी होने के बाद आगे की प्रक्रिया शुरू की गई। डोनेट लाइफ ने हृदय, किडनी, लीवर एवं अन्य अंगों के लिए अहमदाबाद के आइकेडीआरसी के डॉक्टर प्रांजल मोदी से संपर्क किया।
अहमदाबाद की टीम बुधवार रात सूरत स्थित न्यू सिविल अस्पताल पहुंची। गुरुवार सुबह सात बजे ग्रीन कॉरिडोर बनाकर ब्रेनडेड अमित को 90 मिनट में अहमदाबाद के अस्पताल तक पहुंचाया गया। वहां डॉक्टरों की टीम ने शोहेल वोहरा के शरीर में हृदय का ट्रांसप्लांट किया। अन्य अंग दूसरे लोगों को दिए गए हैं।
यह भी पढ़ें: साठ रुपये की किट बताएगी पेट का संक्रमण