Rajya Sabha Election 2020: जयपुर शिफ्ट होंगे गुजरात कांग्रेस के विधायक
Gujarat Congress MLA. गुजरात से राज्यसभा की चार सीटों के लिए प्रत्याशियों ने शुक्रवार दोपहर अपना पर्चा भरा।
शत्रुघ्न शर्मा, अहमदाबाद। Gujarat Congress MLA. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने गुजरात योजना आयोग के उपाध्यक्ष व पूर्व उपमुख्यमंत्री नरहरी अमीन को अपना तीसरा उम्मीदवार बनाकर कांग्रेस की मुसीबत बढ़ा दी है। कांग्रेस अपने विधायकों को बचाने के लिए 17 मार्च को जयपुर शिफ्ट करेगी। एनसीपी व बीटीपी विधायकों का समर्थन भाजपा को मिल सकता है।
गुजरात से राज्यसभा की चार सीटों के लिए प्रत्याशियों ने शुक्रवार दोपहर अपना पर्चा भरा। इससे पहले भाजपा ने वडोदरा के अधिवक्ता व आरएसएस कार्यकर्ता अभय भारद्वाज व पूर्व विधायक व पूर्व प्रशासनिक अधिकारी रमीला बारा के नाम की घोषणा के बाद वरिष्ठ नेता नरहरी अमीन को मैदान में लाकर मुकाबले को रोमांचक कर दिया है।
भाजपा के पास 103 विधायक हैं, जबकि कांग्रेस विधायकों की संख्या 73 हैं। दो उम्मीदवारों को मत देने के बाद भाजपा के पास अपने तीसरे प्रत्याशी के लिए अतिरिक्त 29 मत होंगे, उन्हें जिताने के लिए भाजपा को सात से आठ मतों की दरकार है। एनसीपी के एक व भारतीय ट्राइबल पार्टी के दो विधायकों का समर्थन भाजपा को मिल सकता है।
भाजपा अध्यक्ष जीतूभाई वाघाणी का मानना है कि भाजपा के पास पर्याप्त मत हैं। मुख्यमंत्री विजय रूपाणी व उपमुख्यमंत्री नितिन पटेल ने भी तीनों उम्मीदवारों के जीत का भरोसा जताया। साथ ही, कहा कि कांग्रेस में गुटबाजी के चलते उनके विधायकों का समर्थन भी उनके प्रत्याशी को मिल सकता है।
कांग्रेस विधायकों को टूट से बचाने के लिए 17 मार्च को जयपुर लेकर जाएगी। अगस्त 2017 में हुए राज्यसभा चुनाव में कांग्रेस अपने विधायकों को बेंगलुरू लेकर गई थी।
उधर, कांग्रेस ने पूर्व केंद्रीय मंत्री भरत सिंह सोलंकी तथा बिहार कांग्रेस प्रभारी शक्ति सिंह गोहिल को अपना प्रत्याशी घोषित किया था लेकिन भाजपा की ओर से अमीन को मैदान में लाने से कांग्रेस में सेंध लगने की आशंका बढ़ गई है। चूंकि अमीन 2012 तक कांग्रेस में थे, विधानसभा का टिकट नहीं मिलने के चलते भाजपा में शामिल हो गए थे।
कांग्रेस अध्यक्ष अमित चावड़ा का दावा है कि कांग्रेस के पास दो सीटों के लिए पर्याप्त मत हैं और कांग्रेस का एक भी विधायक इस बार भाजपा के झांसे में नहीं आएगा।