Gujarat: युवती से सामूहिक दुष्कर्म का चौथा आरोपित जामनगर से गिरफ्तार
Arrested In Jamnagar गुजरात में गत 28 सितंबर को चार लोगों ने युवती के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया था। इनमें एक आरोपित पीड़िता की जान-पहचान वाला था। घटना के दो दिन बाद पुलिस ने सामूहिक दुष्कर्म और पॉक्सो अधिनियम की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया।
जामनगर, प्रेट्र। Arrested In Jamnagar: गुजरात के जामनगर में युवती से सामूहिक दुष्कर्म के चौथे आरोपित को पुलिस ने सोमवार को गिरफ्तार कर लिया है। इस मामले में तीन आरोपितों को पुलिस एक दिन पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। गत 28 सितंबर को चार लोगों ने युवती के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया था। इनमें एक आरोपित पीड़िता की जान-पहचान वाला था। घटना के दो दिन बाद पुलिस ने सामूहिक दुष्कर्म और पॉक्सो अधिनियम की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया। इसके बाद पुलिस ने बुद्ध भाटिया, मयूर भाटिया और देवकर्ण गढ़वी को रविवार को गिरफ्तार कर लिया। सोमवार को चौथे आरोपित मोहित अंबलिया को भी गिरफ्तार कर लिया गया है।
इस बीच, गुजरात राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष लीलाबेन अंकोलिया ने कहा कि सामूहिक दुष्कर्म की घटना दुखद और निंदनीय है। उन्होंने बताया कि पीड़िता से मिलने और उसे न्याय दिलाने के लिए आयोग की एक टीम भेजी गई है। लीलाबेन अंकोलिया ने कहा कि महिला आयोग ने पिछले तीन दिनों के भीतर जिले में दुष्कर्म की घटनाओं का संज्ञान लिया है और स्थानीय पुलिस अधीक्षक को इस बारे में पत्र लिखा है।
इधर, उत्तर प्रदेश के हाथरस व गुजरात के जामनगर की घटनाओं के विरोध में कांग्रेस के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने सोमवार को गुजरात के कई शहरों में जमकर विरोध-प्रदर्शन किया। अहमदाबाद, राजकोट, वडोदरा, सूरत, जामनगर और मोरबी आदि शहरों में कांग्रेस के दर्जनों कार्यकर्ताओं को पुलिस ने हिरासत में लिया। कांग्रेस नेता व कार्यकर्ताओं में राहुल गांधी के साथ उप्र पुलिस के दुव्यर्वहार को लेकर भी नाराजगी थी। उत्तर प्रदेश के हाथरस की घटना तथा जामनगर में नशीली दवा खिलाकर युवती के साथ दुष्कर्म करने की घटना के विरोध में गुजरात कांग्रेस ने सोमवार को गुजरात के सभी शहरों में विरोध-प्रदर्शन का कार्यक्रम रखा था। कांग्रेस अध्यक्ष अमित चावडा तथा नेता विपक्ष परेश धनाणी के मुताबिक, भाजपा के शासन में बेटियां असुरक्षित हैं।