Gujarat: पालनपुर में आश्रम के स्वामी पर लगा दुष्कर्म का आरोप
Palanpur Ashram गुजरात के पालनपुर में एक आश्रम के स्वामी रामरतन पर एक 36 वर्षीय महिला ने दुष्कर्म का आरोप लगाया है।
अहमदाबाद, जागरण संवाददाता। उत्तर गुजरात के पालनपुर में एक आश्रम के स्वामी पर 36 वर्षीय महिला की महिला ने दुष्कर्म का आरोप लगाया है। महिला ने स्वामी पर धमकी देने व उसके दोनों बेटों को अपना शिष्य बनाने का दबाव डालने का भी आरोप लगाया है। पालनपुर के रामरतन स्वामी पर वहीं की एक महिला ने आरोप लगाया कि वह परिवार की शांति के लिए स्वामी रामरतन के संपर्क में आई थी। स्वामी ने पहले उसके पति के साथ उसका संबंध विच्छेद करा दिया तथा बाद में उसको तलाक भी लेना पड़ा।
पति से अलग रहने का डाला दबाव
स्वामी इस दौरान उसे मानसिक रूप से लगातार उसके पति से अलग रहने का दबाव डालता व अपने करीब रखने का प्रयास करता। इस दौरान स्वामी ने उसके साथ कई बार दुष्कर्म भी किया। बाद में जब स्वामी ने उसके दो पुत्रों को अपना शिष्य बनाने का दबाव डालने लगा तो पीड़िता इसके लिए तैयार नहीं हुई जिसके बाद वह उसे धमकी देता रहा तथा जबर्दस्ती उसके पुत्रों को अपना शिष्य बनाने की बात कहता। पीड़िता ने परेशान होकर पालनपुर पुलिस को इसकी शिकायत की। महिला ने बताया कि स्वामी ने उकसाकर उसको पति से अलग करा दिया तथा उसके साथ दुष्कर्म किया। पुलिस ने इस स्वामी की धरपकड़ कर जांच शुरु कर दी है।
अंधविश्वास के चलते बाबाओं व तांत्रिकों के जाल में फंसती महिलाएं
गौरतलब है कि तंत्र मंत्र व झाड फूंक के नाम पर कई बाबा व तांत्रिक महिलाओं को फंसाकर उनका शोषण करते रहने व आर्थिक रूप से उनको ठगने की घटनाएं बार-बार सामने आने के बावजूद जागरुकता के अभाव व अंधविश्वास के चलते महिलाएं ऐसे फर्जी बाबाओं व तांत्रिकों के जाल में फंस जाती है। गुजरात में विज्ञान जाथा नामक एक संस्था वर्षों से ऐसे अंधविश्वास फैलाने वाले व चमत्कार का दावा करने वालों की पोल खोलती आ रही है। संस्था ने अब तक सैकड़ों ठगों को सार्वजनिक रुप से पुलिस व प्रशासन के सामने बेनकाब किया है लेकिन इसके बावजूद लोग आस्था के नाम पर इनके चंगुल में फंसते आ रहे हैं।
ढबुडी वाले माताजी
कुछ माह पहले गुजरात में ढबुडी वाले माताजी का किस्सा प्रकाश में आया था। एक बेरोजगार युवक चुंदडी ओढ़कर लोगों को भविष्य बताने लगा और देखते ही देखते उसके घर पर हजारों की भीड़ लगने लगी। कुछ लोगों ने लाखों रुपये ठगे जाने पर ढबुडी वाले माताजी के खिलाफ चांदखेडा पुलिस को शिकायत की लेकिन अभी तक वह पुलिस की गिरफ़्त से बाहर है।