यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Sep 12, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Arjun Rathva: आदिवासी नेता अर्जुन राठवा ने एक दशक बाद आम आदमी पार्टी से दिया इस्तीफा, कांग्रेस में हुए शामिल
Tribal leader Arjun Rathva Joins Congress अर्जुन राठवा (Arjun Rathva) ने संवाददाताओं से कहा ‘‘मैं 2013 से आप के साथ ...और पढ़ें

अहमदाबाद, एजेंसी। आम आदमी पार्टी (आप) को एक बड़ा झटका लगा है। गुजरात इकाई के पूर्व उपाध्यक्ष और आदिवासी नेता अर्जुन राठवा मंगलवार को कांग्रेस में शामिल हुए। गुजरात प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष शक्ति सिंह गोहिल ने पार्टी में उनका स्वागत किया।
राठवा ने पिछले सप्ताह आप से इस्तीफा दे दिया था। वह लगभग एक दशक तक आप के साथ रहे और लोकसभा और विधानसभा चुनाव लड़ा। आप से इस्तीफा देते हुए उन्होंने कहा था कि स्थानीय नेताओं को निर्णय लेने की प्रक्रिया में शामिल नहीं किया जा रहा है।
राठवा ने मंगलवार को कहा कि वह कांग्रेस को मजबूत करने के लिए उसमें शामिल हुए हैं ताकि 2024 के लोकसभा चुनावों में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) से मुकाबला किया जा सके।
'मैं किसी भी पार्टी में रहूं एकमात्र उद्देश्य भाजपा से लड़ना'
उन्होंने संवाददाताओं से कहा, ‘‘मैं 2013 से आप के साथ था क्योंकि न्याय, शिक्षा और स्वास्थ्य के लिए लड़ना चाहता था। मैं गुजरात के लोगों के लिए भ्रष्टाचार मुक्त सरकार चाहता था और लोगों को विभाजित करने वाली ताकतों का मैंने मुकाबला किया। मैंने कभी सत्ता की इच्छा नहीं की।’’
राठवा का कहना था कि आप और कांग्रेस की चुनौती के बावजूद भाजपा ने 2022 के विधानसभा चुनावों में भारी जनादेश के साथ गुजरात में सत्ता बरकरार रखी। उन्होंने कहा, ‘‘चाहे मैं आप में रहूं या कांग्रेस में, मेरा एकमात्र उद्देश्य भाजपा से लड़ना है। देश में (2024 में) जो बदलाव होने जा रहा है, वह गुजरात में भी होगा। इसी उद्देश्य से मैं कांग्रेस में शामिल हुआ हूं।’’
महंगाई के कारण भाजपा से निराश हैं आदित्य रावल
वहीं, मंगलवार को ही ‘विश्व हिंदुस्तानी संगठन पार्टी’ (वीएचएसपी) के अध्यक्ष आदित्य रावल ने अहमदाबाद में कांग्रेस मुख्यालय में आयोजित एक कार्यक्रम में अपने संगठन का कांग्रेस में विलय कर दिया। रावल ने दावा किया कि वीएचएसपी के लगभग 8 लाख सदस्य हैं और उन्होंने 2024 के आम चुनावों में अपनी जीत के लिए कांग्रेस के साथ जुड़ने का फैसला किया है।
उन्होंने आरोप लगाया कि लोग विभिन्न मुद्दों और महंगाई के कारण भाजपा से निराश हैं, जिसे सत्तारूढ़ दल नियंत्रित करने में असमर्थ है। रावल ने कहा, ‘‘हम भाजपा को हराने के एकमात्र लक्ष्य के साथ काम करेंगे।’’
गोहिल ने कहा कि कांग्रेस सिर्फ सत्ता हासिल करने के लिए नहीं, बल्कि लोगों की सेवा करने के लिए काम करती है। उन्होंने दावा किया, ‘‘भ्रष्टाचार और अहंकार के बीच लोगों को कई कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है जबकि कुछ ही लोग समृद्ध हो रहे हैं।’’
