'गुड टच, बैड टच' का पाठ पढ़ाते शिक्षक को बच्चियों ने सुनाई आपबीती, दुष्कर्मी गिरफ्तार
गुजरात के वडोदरा में तीन नाबालिग लड़कियों से दुष्कर्म करने के मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया है ये आरोपी चॉकलेट के बहाने इन लड़कियों का यौन उत्पीड़न करता था। जब बच्चियों ने अपने शिक्षक को आपबीती सुनाई तो मामला प्रकाश में आया।
वडोदरा, एएनआइ। गुजरात के वडोदरा में मकरपुरा इलाके में तीन नाबालिग लड़कियों के साथ दुष्कर्म के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। डीसीपी लखधीरसिंह जाला के अनुसार, "यह घटना तब प्रकाश में आई जब लड़कियों में से एक ने अपने शिक्षक को 'गुड टच, बैड टच' (Good touch, Bad touch) का पाठ पढ़ाते हुए अपनी आपबीती सुनाई।"
वडोदरा के डीसीपी लखधीरसिंह जाला के अनुसार, पुलिस ने नाबालिग लड़कियों के साथ दुष्कर्म करने की बात स्वीकार करने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आदमी लड़कियों को चॉकलेट देने के बहाने अपने घर बुला उनका यौन उत्पीड़न करता था।
गौरतलब है कि गुजरात में बीते दिनों नाबालिग के साथ हुए दुष्कर्म की तीन घटनाओं ने महिला सुरक्षा पर सवालिया निशान खड़े कर दिये। दुष्कर्म का ये मामला गुजरात के महिसागर जिले से सामने आया है जहां 15 वर्षीय लड़की को नशीला पदार्थ खिला उससे चार लोगों ने दुष्कर्म किया। इन युवकों ने लड़की को नींद की गोलियां दी थी, आरोपियों में लड़की का दोस्त भी शामिल है। घटना को अंजाम देने के साथ -साथ इन युवकों ने दुष्कर्म का वीडियो भी बनाया था। ये आरोपी लड़की को अपना शिकार बना वहां से फरार हो गये। दुष्कर्म की ये घटना 28 सितंबर को हुई थी।
शिकायत दर्ज होते ही पुलिस ने आरोपियों को तुरंत गिरफ्तार कर लिया, पुलिस ने इस दुष्कर्म के मामले में दर्शन भाटिया, मिलन भाटिया और देवकरण गढ़वी को गिरफ्तार किया है, ये तीनों आरोपी महादेवनगर इलाके के रहने वाले हैं। बता दें के गुजरात में कुछ दिन पहले दुष्कर्म की तीन घटनाएं सामने आयी थी। राज्य के महिसागर जिले में ही विवाहित महिला को ब्लैकमेल करके तीन लोगों ने दुष्कर्म किया था उन्हें भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। इसके अलावा मोरबी जिले में मानसिक तौर पर बीमार महिला के साथ युवक ने ट्रैफिक पुलिस बूथ में दुष्कर्म किया और बाद में इस घटना का वीडियो भी वायरल किया।