अहमदाबाद में खुदाई के दौरान मिट्टी धंसने से तीन मजदूरों की मौत, एक नाजुक
अहमदाबाद के चांदखेड़ा क्षेत्र में मिट्टी धंसने की वजह से खुदाई का काम कर रहे चार मजदूर दब गए। इस दुर्घटना में तीन मजदूरों की मौत हो गई।
अहमदाबाद। अहमदाबाद के चांदखेड़ा क्षेत्र में बन रहे शॉपिंग सेन्टर के निर्माण कार्य के दौरान मिट्टी धंस गई। मिट्टी धंसने की वजह से वहां खुदाई का काम कर रहे चार मजदूर दब गए। इस दुर्घटना में तीन मजदूरों की मौत हो गई। यह घटना शुक्रवार दोपहर 12 बजे के आसपास की है। एक मजदूर की हालत नाजुक होने से उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
चांदखेड़ा थाना क्षेत्र में एक बिल्डर ने निर्माण कार्य शुरू किया है। यहां पर शॉपिंग सेन्टर बनाया जा रहा है, जिससे कुछ दिनों पहले इसके निर्माण के लिए खुदाई की जा रही थी। करीब 14 फुट तक जमीन खोद दिया गया है।
शुक्रवार को भी मिट्टी की खुदाई के लिए एक दर्जन मजदूर लगे हुए थे। तभी अचानक भर-भराकर मिट्टी धंस गई और गड्ढा खोद रहे चार मजदूर उसमे दब गए, जिससे तुरंत ही फायर बिग्रेड को सूचना दी गई।
फायर ब्रिगेड के जवानों ने मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। मिट्टी में दबे चार मजदूरों को बाहर निकाला गया। हालांकि तीन मजदूरों की मौत हो गई जबकि एक मजदूर को गंभीर अवस्था में अस्पताल में भर्ती कराया गया है जहां उसकी हालत नाजुक है।
पुलिस ने बताया कि मारे गए मजदूर बनासकांठा जिले के रहने वाले थे। फिलहाल बिल्डर की लापरवाही सामने आ रही है, इसलिए उसके खिलाफ मामला दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है।