अजब प्रेम की गजब कहानी : पति के साथ ससुराल के लिए निकली पत्नी प्रेमी संग फरार
extra marital affair पति संग ससुराल जाने के लिए घर से निकली पत्नी बाजार में खरीदारी का बहाना बनाकर अपने प्रेमी के संग फरार हो गई।
अहमदाबाद, जेएनएन। महानगर के सरदार नगर इलाके में अजब प्रेम की गजब कहानी जैसा फिल्मी वाकया हो गया। पति के साथ ससुराल जाने के लिए निकली दो बच्चों की मां खरीददारी करने के बहाने बाजार जाकर अपने प्रेमी के साथ फरार हो गई। महिला के पिता ने उसके प्रेमी के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। अहमदाबाद के सरदार पटेल अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट के पास बसे सरदार नगर में रहने वाले एक 62 वर्षीय पशुपालक के दो लड़के व एक लड़की है। लड़की का विवाह करीब आठ साल पहले एक गांव के युवक के साथ किया गया था। गांव के युवक से शादी करने से नाराज युवती बार बार अपने पीहर आकर रहने लगी थी। शादी के बाद उसे एक लडका व एक लड़की भी हुई लेकिन उसका पीहर आने जाने का क्रम यूं ही चलता रहा।
इसी बीच पता चला कि पास में रहने वाले एक चिंटू नामक युवक के साथ उसका प्रेम संबंध है। गत 13 जुलाई को जब पति उसे लेने आया तो वह उसके साथ ससुराल के लिए रवाना हो गई लेकिन रास्ते में बेटे के लिए कुछ खिलौने व खाने की वस्तु खरीदने का बहाना कर वह नजदीक के बाजार में चली गई जहां से वह अपने प्रेमी के साथ फरार हो गई। जबकि पति ने इसकी सूचना अपने परिवार वालों व लड़की के पिता को दी तो सब हतप्रभ थे। लड़की के पिता ने पुत्री के प्रेमी चिंटू के घर जाकर पहले उसकी माता को खरी खोटी सुनाई।
बताया जा रहा है कि इससे नाराज चिंटू ने अपनी प्रेमिका के पिता को धमकी दी तथा खूब भला बुरा कहा। उसके बाद दोनों परिवारों के बीच मामला बिगड़ा तो लड़की के पिता ने चिंटू के खिलाफ सरदार नगर पुलिस थाने में भारतीय दंड संहिता की धारा 323, 294 बी, 506 -2, के तहत एक प्राथमिकी दर्ज कराकर कानूनी कार्यवाही की मांग कर रही है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।