गुजरात में विजय रूपाणी 26 को लेंगे सीएम पद की शपथ
विजय रूपाणी के नेतृत्व में गुजरात की नई भाजपा सरकार आगामी 26 दिसंबर को शपथ ले लेगी।
अहमदाबाद, जेएनएन। भाजपा विधायक दल के नेता विजय रूपाणी मंगलवार सुबह 11 बजे मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। उनके साथ उपमुख्यमंत्री के रूप में नितिन पटेल व 18 अन्य विधायक मंत्री पद की शपथ लेंगे। रूपाणी सरकार की नई कैबिनेट में कई नए चेहरे शामिल होंगे, जिनमें भाजपा के पूर्व अध्यक्ष आर सी फलदू, भूपेंद्र पटेल, हितू कनोडिया, डॉ नीमाबेन आचार्य, जीतू वाघाणी आदि के नाम प्रमुख हैं।
मंगलवार सुबह 11 बजे रूपाणी गांधीनगर में सचिवालय मैदान में गुजरात के 30वें मुख्यमंत्री के रुप में शपथ लेंगे, एक से अधिक बार इस पद की शपथ लेने वाले वे चौथे सीएम होंगे। उनसे पहले प्रधानमंत्री चार बार, माधवसिंह सोलंकी 3 बार, चिमनभाई पटेल 2 बार व केशुभाई पटेल 2 बार इस पद की शपथ ले चुके हैं। समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, भाजपा अध्यक्ष अमित शाह, ग्रहमंत्री राजनाथ सिंह, कानून मंत्री रविशंकर प्रसाद, रक्षामंत्री निर्मला सीतारमण, सूचना व प्रसारण मंत्री स्म्रति ईरानी सहित भाजपा शासित राज्यों के सीएम व एक दर्जन से अधिक मंत्री व नेता विशेष आमंत्रितों में शामिल है।
इनके अलावा अन्य राज्यों के कुछ मंत्री व स्टार प्रचारक को भी आमंत्रित किया गया है, जिनमें राजस्थान की सीएम वसुंधरा राजे, मध्य प्रदेश के सीएम शिवराज सिंह, छत्तीसगढ के सीएम रमन सिंह, महाराष्ट्र के सीएम देवेंद्र फड़नवीस आदि प्रमुख हैं। भाजपा के प्रदेश प्रभारी भूपेन्द्र यादव, पूर्व प्रभारी ओम माथुर भी समारोह में शिरकत करेंगे।
रूपाणी सरकार ने अपने गत कार्यकाल के पूर्ण होने से पहले बडी संख्या में बोर्ड निगम में नेताओं की नियुक्ति कर दी थी, जिसके चलते उनका यह मंत्रिमंडल छोटा होने की संभावना है। रूपाणी सरकार के कुछ मंत्रियों को अपनी अधिक उम्र के चलते इस बार मौका मिलना मुश्किल है। वहीं, गत सरकार में मंत्री रहे प्रदीप सिंह जाडेजा, पुरुषोत्तम सोलंकी, राजेंद्र त्रिवेदी आदि का प्रमोशन तय माना जा रहा है। रूपाणी के साथ उपमुख्यमंत्री के रूप में नितिन पटेल तो शपथ लेंगे ही साथ ही 18 और विधायकों के मंत्री बनने की संभावना है, जिनमें भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष आरसी फलदू, पूर्व सीएम आनंदीबेन पटेल के करीबी तथा राज्य में सबसे अधिक 1 लाख 18 हजार मत से विजेता बने भूपेंद्र पटेल, गुजराती कलाकार युवा नेता हितु कनोडिया, 5वीं बार विधायक बनने वाली डॉ नीमाबेन आचार्य तथा प्रदेश अध्यक्ष जीतू भाई वाघाणी का नाम प्रमुख है।
नारणपुरा से चुनाव जीतने वाले पूर्व मंत्री कौशिक पटेल को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह का करीबी होने तथा वरिष्ठता के दम पर मंत्रिमंडल में स्थान मिल सकता है तो सूरत से दूसरी बार विधायक चुनी गई संगीता पाटिल को महिला कोटे से मंत्री बनाया जा सकता है। वडोदरा से मनीषा वकील, भरूच से दुष्यंत पटेल, सूरत से पूर्णेश मोदी, नडियाद से पंकज देसाई भी मंत्री बनने के तगड़े दावेदार हैं।