विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'गुजरात के नेताओं के खिलाफ सबूत जुटाने का डाला गया था दबाव', पूर्व आईपीएस अधिकारी का दावा 

Published: Mon, 30 Nov 2026 12:00 AM (IST)

रिटायर्ड IPS अधिकारी संजय कुमार सिंह ने बताया कि 2010 में उन्होंने गुजरात के नेताओं के खिलाफ बिना ठोस सबूत के जांच करने से इनकार कर दिया था। 

रिटायर्ड IPS संजय कुमार सिंह ने जांच से किया इनकार। (फोटो- आईएएनएस)

रिटायर्ड IPS संजय कुमार सिंह ने जांच से किया इनकार। (फोटो- आईएएनएस)

HighLights

  1. रिटायर्ड IPS संजय कुमार सिंह ने जांच से किया इनकार।

  2. गुजरात नेताओं के खिलाफ नहीं थे ठोस सबूत।

  3. तत्कालीन CM मोदी को फंसाने के निर्देश अस्वीकार किए।

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। रिटायर्ड आइपीएस अधिकारी संजय कुमार सिंह ने बताया है कि 2010 में मेडिकल काउंसिल आफ इंडिया (एमसीआई) से जुड़े भ्रष्टाचार के एक मामले की जांच के दौरान उन्होंने गुजरात के नेताओं के खिलाफ बिना ठोस आधार के जांच करने से इनकार कर दिया था। उन्होंने कहा कि ऐसी जांच को सही ठहराने के लिए कोई विश्वसनीय सुबूत या सामग्री मौजूद नहीं थी।

कोड ऑफ ऑनर: नो हाफ मेजर्स इन द इंडियन पुलिस सर्विस किताब के लेखक सिंह ने कहा कि जब तक आरोपों को साबित करने के लिए पर्याप्त तथ्य या सामग्री न हो, तब तक किसी जांच का दायरा बढ़ाकर उसे बिना ठोस आधार वाली जांच में नहीं बदलना चाहिए।

सीबीआई में अपने कार्यकाल के दौरान कई हाई-प्रोफाइल भ्रष्टाचार के मामलों को संभालने के अपने अनुभव के बारे में बात करते हुए सिंह ने बताया कि उनसे ऐसी सामग्री खोजने के लिए कहा गया था जिससे गुजरात के तत्कालीन मुख्यमंत्री (मौजूदा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी) को फंसाया जा सके, जबकि ऐसी जांच शुरू करने के लिए कोई विश्वसनीय सुबूत मौजूद नहीं था।

उन्होंने कहा कि मुझे गुजरात के तत्कालीन मुख्यमंत्री से जुड़ी कोई केस फाइल नहीं मिली। हालांकि, मुझे निर्देश दिया गया था कि मैं जिस मामले की जांच कर रहा हूं, उसी के दायरे में ऐसे सुबूत खोजूं जिनसे गुजरात के तत्कालीन मुख्यमंत्री को फंसाया जा सके।

उस समय मेरा जवाब था कि हमारे पास ऐसी जांच को सही ठहराने के लिए कोई विश्वसनीय तथ्य या सामग्री नहीं है। क्या बिना किसी विश्वसनीय सुबूत के किसी के खिलाफ बिना ठोस आधार वाली जांच की जा सकती है। जब मुझसे ऐसा करने के लिए कहा गया तो मैंने इन्कार कर दिया। मैंने स्पष्ट कहा कि बिना किसी तथ्यात्मक आधार के मैं ऐसी जांच नहीं कर सकता।

(न्यूज एजेंसी आईएएनएस के इनपुट के साथ)

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।