गुजरात में प्रोजेक्ट शक्ति के जरिये कार्यकर्ताओं को जोड़ेगी कांग्रेस
प्रदेश अध्यक्ष अमित चावडा व नेता विपक्ष परेश धनाणी ने बताया कि हर विधानसभा क्षेत्र में 5-5 हजार कार्यकर्ताओं को सक्रिय तौर पर जोड़ने का लक्ष्य है।
अहमदाबाद, जेएनएन। आम जनता व पार्टी कार्यकर्ता से सीधे संपर्क कर जमीनी हकीकत से वाकिफ होने के साथ पार्टी के नेताओं के बारे में फीडबैक प्राप्त करने के लिए तैयार किए गए कांग्रेस के प्रोजेक्ट शक्ति की गुजरात में पार्टी के प्रभारी राजीव सातव, अध्यक्ष अमित चावडा व नेता विपक्ष परेश धनाणी ने शुरुआत की। कांग्रेस राज्य की 26 में से 25 सीटों पर मंथन कर चुकी है, पार्टी को राज्य से 10 सीट जीतने की उम्मीद है।
कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी की पहल पर पार्टी के फोरम में कार्यकर्ताओं की आवाज को बुलंद करने के लिए शक्ति प्रोजेक्ट तैयार किया गया था। दिल्ली, राजस्थान, छत्तीसगढ़ व तेलंगाना के बाद शनिवार को इसे गुजरात में लांच किया गया। कांग्रेस प्रभारी राजीव सातव ने कहा कि राहुल गांधी कांग्रेस कार्यकर्ता के मन की बात पार्टी के मुख्य मंच पर लाना चाहते हैं, ताकि कांग्रेस जैसी पार्टी दो-चार नेताओं की मर्जी से नहीं चले। शक्ति प्रोजेक्ट से जुड़कर कोई भी मतदाता व पार्टी कार्यकर्ता इस एप के जरिए पार्टी को अपने इलाके की समस्याओं, मुद्दों नेताओं की गतिविधियों तथा पार्टी को मजबूत बनाने के लिए अपने सुझाव दे सकेगा।
प्रदेश अध्यक्ष अमित चावडा व नेता विपक्ष परेश धनाणी ने बताया कि इस प्रोजेक्ट के जरिए हरेक विधानसभा क्षेत्र में 5-5 हजार कार्यकर्ताओं को सक्रिय तौर पर जोड़ने का लक्ष्य है, ताकि उस इलाके के बारे में स्थानीय मुद्दों, समस्याओं व नेताओं के बारे में फीडबैक प्राप्त किया जा सके। कार्यकर्ता इसके माध्यम से अपने सुझाव व शिकायत भी पार्टी फोरम के सामने पेश कर सकेगा। केंद्रीयक्रत व्यवस्था होने से कार्यकर्ता की बात स्थानीय व प्रदेश के नेताओं को लीक नहीं होगी तथा पार्टी अपने संगठन में सुधार व बदलाव के लिए इन सूचनाओं का उपयोग करेगी।
नेता विपक्ष धनाणी ने बताया कि इससे पार्टी कार्यकर्ताओं की एक अलग पहचान बनेगी। पार्टी उनकी योग्यता व शक्ति का पूरी तरह उपयोग कर संगठन को कुशल व मजबूत बनाने के साथ नेता व उम्मीदवारों को चुनने में भी उनकी सूचनाओं का उपयोग कर सकेगी। धनाणी का मानना है कि जनता का अभिप्राय जानने के लिए यह सशक्त माध्यम साबित होगा।
गुजरात विश्व हिंदू परिषद की ओर से महाराष्ट्र भीमा कोरेगांव हिंसा में कांग्रेस का नाम जेहादियों व माओवादियों के साथ जोड़ने पर सांसद व गुजरात कांग्रेस प्रभारी राजीव सातव ने कहा कि वर्षा अधिक होने या सूखा पड़ने पर भी भाजपा वाले कांग्रेस को बदनाम करते हैं। जनता को मुद्दों से भटकाने के लिए वे ऐसी बातें करते हैं। भाजपा को किसानों को समर्थन मूल्य, 15-15 लाख रुपये, कालाधन, युवाओं को रोजगार जैसे मुद्दों पर चर्चा करनी चाहिए। राजीव सातव ने कहा कि सरकार को ऐसा लगता है कि हिंसा में कांग्रेस शामिल है तो उनके पास आईबी, सीबीआई, ग्रह मंत्रालय सब हैं जांच कराकर कानूनी कार्रवाई करनी चाहिए।