विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'देश को संकट में देख विपक्ष को आनंद आता है', साबरकांठा में पीएम मोदी ने कांग्रेस पर साधा निशाना

Published: Fri, 30 Oct 2026 05:07 PM (IST)

प्रधानमंत्री मोदी ने साबरकांठा में बनास डेयरी के बायो-सीएनजी प्लांट के उद्घाटन के दौरान विपक्ष पर देश को संकट में गुमराह करने का आरोप लगाया।

साबरकांठा में पीएम मोदी का विपक्ष पर हमला

साबरकांठा में पीएम मोदी का विपक्ष पर हमला

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

डिजिटल डेस्क, अहमदाबाद। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कांग्रेस समेत विपक्ष को आड़े हाथ लेते हुए कहा है कि युद्ध काल में जब देश संकट में था तब विपक्ष लोगों को गुमराह करने का प्रयास कर रहा था। देश पर संकट आता है तो विपक्ष को आनंद आता है। उत्‍तर गुजरात के भिलडी में बनास डेयरी के बायो सीएनजी प्‍लांट के लोकार्पण समारोह में मोदी ने यह बात कही।

साबरकांठा के भिलडी में प्रधानमंत्री मोदी ने रोड शो किया, बडी संख्‍या में उत्‍तर गुजरात के महिला पुरुषों ने उनका स्‍वागत किया। मोदी ने बनास डेयरी के बोवाइन ब्रीडिंग एंड रिसर्च सेंटर, पशु संवर्धन केंद्र के लोकार्पण के बाद जनसभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि हमारी प्राथमिकता किसान, युवा व महिलाएं हैं। एमएसपी के मुद्दे पर विपक्ष ने किसानों के साथ दगा किया लेकिन हमने किसानों से एमएसपी का वादा पूरा किया। केंद्र सरकार युवाओं व महिलाओं के लिए आय के नये विकल्‍प ला रही है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि अब तक की केंद्र सरकारें किसानों को न्‍यूनतम समर्थन मूल्‍य के मामले में धोखा देती रही लेकिन 12 वर्ष में उनकी सरकार ने गेहूं, चावल पर एमएसपी का वादा भी पूरा कर दिखाया। किसान अन्‍नदाता है और भारत की अर्थव्‍यवस्‍था के मजबूत स्‍तंभ हैं। पीएम किसान सम्‍मान निधि आज किसानों के जीवन का हिस्‍सा बन गई है, देश के 10 करोड़ किसानों को 18 हजार करोड़ रुपये की राशि उनके खाते में भेजी गई है। गुजरात के 50 लाख किसानों को भी एक हजार करोड़ रुपये की राशि मिली है।

मोदी ने कांग्रेस व अन्‍य विपक्षी दलों को आड़े हाथ लेते हुए कहा कि जब देश पर संकट आता है विपक्ष को इससे खुशी मिलती है। खाडी में युद्ध के दौरान जब देश मुश्किल में था तब विपक्ष अफवाह फैलाकर लोगों को गुमराह करने का प्रयास कर रहा था।

उन्‍होंने कहा कि मैंने पहले ही कहा था कि मैं आपके साथ खडा हूं, युद्ध काल में भी विपक्ष ने किसानों को डराया कि खाद नहीं मिलेगा, महिलाओं को डराया कि अब उन्‍हें गैस नहीं मिलेगी। इतना ही नहीं झूठी कतारें दिखाकर लोगों में अफवाह फैलकर गुमराह करने का प्रयास किया गया। दुनिया में फर्टीलाइजर व यूरिया की कीमतें बढी लेकिन उसका भार किसानों पर नहीं आने दिया।

मोदी ने कहा कि किसानों व पशुपालकों की आय बढानाही उनका लक्ष्‍यरहा है, देशभर में दुधारु पशुओं को 150 करोड़ टीके लगाए गये ताकि वे स्‍वस्‍थ रह सकें। आठ करोड़ किसानों ने अपने पशुओं को मुफ्त टीके लगवाऐ। दूध के साथ अब गोबर से भी किसानों का आय हो रही है। विधानसभा अध्‍यक्ष शंकरभाई चौधरी का नाम लेते हुए कहा कि बनास डेयरी के चैयरमेन चाहते हैं कि अब 4 गाय से मिलने वाला दूध एक ही गाय से मिल सके। पशु संवर्धन केंद्र से उन्‍नत किसम की गाय व भैंस के गुण को नये बछडों में स्‍थानांतरित किया जा सकेगा।

प्रधानमंत्री ने यहां से 4300 चाइल्‍ड फ्रेंडली आंगनवाडी का लोकार्पण व शिलान्‍यास किया तथा मेहसाणा -बेचराजी - साबरमती मेमु ट्रेन को हरी झंडी दिखाई। अहमदाबाद रेल मंडल प्रबंधक बेचराजी में उपस्थित रहे। मुख्‍यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेद्र मोदी के विजन से देश आगे बढ़ रहा है लेकिन विपक्ष को यह आंखों में चुभ रहा है। गुजरात के डेयरी व बायो सीएनजी जैसे प्रोजेक्‍ट से किसानों की आय सीधे दो गुनी हो जाएगी।

गुजरात विधानसभा के अध्‍यक्ष शंकरभाई चौधरी ने बताया कि भिलडी में बनाए गये आधुनिक तकनीक से युक्‍त भारत बोवाइन ब्रीडिंग एंड रिसर्च सेंटर की मदद से प्रतिवर्ष उत्‍तम नस्‍ल के 25 हजार बछडों को तैयार किया जा सकेगा। अब बनास की धरती पर कांकरेज, गीर, साहीवाल, थारपारकर, मेहसाणी, बन्‍नी, जाफराबादी एवं मुर्राह जैसी नस्‍ल के गाय व भैंस के बछडे तैयार किये जा सकेंगे।

चौधरी ने बताया कि बनास डेयरी की ओर से यहां गोबर आधारित चार बायो सीएनजी प्लांट संचालित हैं। जहां प्रतिदिन 340 टन गोबर को प्रोसेस कर बायो सीएनजी तैयार किया जाता है। गोबर से बनने वाला बायो-सीएनजी सामान्य सीएनजी से कम दाम में उपलब्ध है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।