Coronavirus: अहमदाबाद के नौ वार्ड रेड जोन में शामिल, शहर में मास्क व सैनिटाइजर अनिवार्य
Coronavirus अहमदाबाद के नौ वार्ड रेड जोन में शामिल हैं। शहर में मास्क व सैनिटाइजर को अनिवार्य कर दिया है।
अहमदाबाद, जागरण संवाददाता। Coronavirus: कोरोना संक्रमण के बढ़ते खतरे को देखते हुए गुजरात में लॉकडाउन के सख्ती से पालन के साथ इस पर अंकुश पाने को विविध उपाय अपना रहे हैं। राज्य के नौ शहर रेड जोन में रखे गए हैं, जबकि 19 शहर ऑरेंज जोन में हैं। अहमदाबाद के नौ वार्ड रेड जोन में शामिल हैं। शहर में मास्क व सैनिटाइजर को अनिवार्य कर दिया है।
गुजरात में कोरोना संक्रमितों की संख्या साढ़े चार हजार के पार हो गई है। अकेले अहमदाबाद में तीन हजार से अधिक केस सामने आए हैं। अहमदाबाद महानगर पालिका आयुक्त विजय नेहरा ने बताया कि अहमदाबाद में सुपर मार्केट, दुकानदार, व्यापारी तथा ग्राहक व सामान्य नागरिकों के लिए भी मास्क अनिवार्य कर दिया है। मास्क नहीं पहनने पर नागरिक को 5000 जबकि सुपर मार्केट पर 50,000 तक का जुर्माना होगा। शुक्रवार को मणीनगर में रिलायंस मॉल में कर्मचारी के मास्क नहीं पहनने पर मॉल सील कर दिया गया तथा 50 हजार का जुर्माना लगाया गया है।
अहमदाबाद, सूरत, वडोदरा, आणंद, पंचमहाल,भावनगर, गांधीनगर, बनासकांठा व अरवल्ली को रेड जोन में रखा गया है। तीन मई के बाद भी कोविड19 से संक्रमित इलाकों में किसी तरह की छूट की संभावना नहिवत् नजर आती है। गुजरात के 19 शहर ऑरेंज जोन में रखे गए हैं, जिनमें राजकोट, भरूच, बोटाद, नर्मदा, छोटा उदेपुर, महिसागर, मेहसाणा, पाटण, खेडा, वलसाड, नवसारी, दाहोद, कच्छ, गीरसोमनाथ, डांग, साबरकांठा, तापी, जामनगर व सुरेंद्रनगर जबकि मोरबी, अमरेली, पोरबंदर, जूनागढ व देवभूमि द्वारका को ग्रीन जोन में रखा गया है।
गांवों में भी कोरोना के खिलाफ जंग
वहीं, मुख्यमंत्री विजय रूपाणी ने शुक्रवार को गुजरात के 60वें स्थापना दिवस पर गांधीनगर स्थित अपने आवास से आदिवासी बहुल पंचमहाल जिले के 467 सरपंचों से वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिए बात की। मुख्यमंत्री ने उन्हें गांवों को सैनिटाइज कर कोरोना से मुक्त कराने का संकल्य कराया। रूपाणी ने कहा कि शहरों की तरह गांवों में भी कोरोना के खिलाफ जंग छेड़नी होगी।