गरबा पंडालों में पारंपरिक पोशाक में घूम रही अहमदाबाद पुलिस की She टीम, मनचलों और रोमियो पर पैनी नजर
अहमदाबाद पुलिस की 'शी टीम' नवरात्रि गरबा उत्सव के दौरान महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सक्रिय है। टीम ...और पढ़ें
HighLights
महिला सुरक्षा हेतु 'शी टीम' गरबा पंडालों में सक्रिय।
पारंपरिक पोशाक में टीम ने की सुरक्षा व्यवस्था की जांच।
मनचलों और छेड़छाड़ करने वालों पर रखी जा रही कड़ी नजर।
डिजिटल डेस्क, अहमदाबाद। गुजरात में नवरात्रि उत्सव के दौरान महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने को लेकर अहमदाबाद पुलिस की 'शी टीम' ने एक अनूठी पहल की है। एक महिला क्राइम पीआई और उनकी टीम ने अहमदाबाद के सरखेज स्थित एसी डोम में आयोजित गरबा में पारंपरिक पोशाक पहनकर भाग लिया और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
गरबा समारोह के दौरान जायजा लिया
महिला अपराध शाखा की टीम ने सरखेज स्थित एसी डोम में आयोजित गरबा में पहुंचने के बाद करीब एक घंटे तक पूरे डोम क्षेत्र का जायजा लिया। इसके बाद वे निगरानी कक्ष में गए और हर एक सीसीटीवी कैमरे और सुरक्षा व्यवस्था की जांच की।
पारंपरिक पोशाक में तैनात रही टीम
गरबा समारोह के निरीक्षण और सीसीटीवी फुटेज की जांच के बाद महिला क्राइम पीआई अपनी टीम के साथ पारंपरिक पोशाक में इलाके का दौरा करने लगीं। इसके साथ ही उन्होंने आस-पास पारंपरिक पोशाक में गरबा खेल रहे युवकों पर कड़ी नजर रखी।
टीम ने खास तौर पर उन लोगों पर नजर रखी जो इस दौरान रोमियोगिरी करते दिख रहे थे, महिलाओं के साथ छेड़छाड़ कर रहे थे या फिर कोई वीडियो अपलोड कर रहे थे।
इसी दौरान जब एक युवक को वीडियो अपलोड करते देखा गया तो मौके पर ही उसके मोबाइल की जांच की गई। हालांकि बाद में पता चला कि युवक अपने समूह का वीडियो अपलोड कर रहा था।
पश्चिमी इलाके में 8 सुरक्षा बल की टीम तैनात
अहमदाबाद के पश्चिमी इलाके में एस.जी. हाईवे से एस.पी. रिंग रोड तक एक बड़ा गरबा आयोजित किया गया। इसमें शामिल होने के लिए एस.एच.आई. की 8 टीमें पार्टी प्लॉट, एसी डोम, क्लब और गली-मोहल्ले के गरबा स्थल पर जांच करने पहुंचीं।
इस अभियान के तहत महिला अपराध मामलों के जांच अधिकारी भी अपनी टीम के साथ पारंपरिक पोशाक में गरबा खेलने और जांच करने के लिए पहुंचे।
गरबा समाप्त होने तक टीम की तैनाती
पुलिस के मुताबिक नवरात्रि के सभी दिनों में गरबा के सभी स्थलों पर रात 8 बजे से गरबा समाप्त होने तक अलग-अलग टीमें तैनात रहेंगी। इस दौरान सुरक्षाबल की टीम मौके पर मौजूद रहेगी और विशेष ध्यान रखेगी कि आयोजन के दौरान महिलाओं को किसी तरह की कोई परेशानी न हो।
