गुजरात सरकार ने लोकगायिका मालिनी अवस्थी को 'ताना-रीरी अवार्ड' से किया सम्मानित
गुजरात के वडनगर में आयोजित ताना-रीरी महोत्सव में लोकगायिका मालिनी अवस्थी और कलाकार हेतल मेहता को 'ताना रीरी अवार्ड' से सम्मानित किया गया।

लोकगायिका मालिनी अवस्थी को सम्मान। (फाइल फोटो)
HighLights
लोकगायिका मालिनी अवस्थी और हेतल मेहता को सम्मान।
वडनगर के ताना-रीरी महोत्सव में मिला प्रतिष्ठित अवार्ड।
उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी ने वडनगर की विरासत सराही।
राज्य ब्यूरो, अहमदाबाद। गुजरात के मेहसाणा जिले के ऐतिहासिक वडनगर में आयोजित सुप्रसिद्ध ‘ताना-रीरी महोत्सव’ में उत्तर प्रदेश की लोकगायिका मालिनी अवस्थी और राज्य की कलाकार हेतल मेहता को ‘ताना रीरी अवार्ड‘ से सम्मानित किया गया। उप मुख्यमंत्री हर्ष संघवी ने कहा कि वडनगर संगीत, संस्कृति और आध्यात्मिकता का प्रतीक है।
उन्होंने वडनगर की पवित्र भूमि को वंदन करते हुए कहा कि वडनगर केवल एक प्राचीन नगर ही नहीं, बल्कि हजारों वर्ष पुरानी संस्कृति, इतिहास, आध्यात्मिकता और संगीत की साधना का जीवंत प्रतीक भी है।
16वीं सदी की संगीत की जोड़ी ताना और रीरी के ऐतिहासिक बलिदान का उल्लेख करते हुए कहा कि इन दोनों बहनों ने मल्हार राग छेड़कर संगीत की असीम शक्ति का परिचय दिया था।
आज यह महोत्सव वडनगर की इस समृद्ध विरासत को दुनिया के समक्ष प्रस्तुत करने का एक सशक्त माध्यम बन गया है। इस अवसर पर शास्त्रीय संगीत के क्षेत्र में विशिष्ट योगदान के लिए हेतल मेहता जोषी और मालिनी अवस्थी को संघवी व मंत्री प्रवीण माली ने प्रतिष्ठित ‘ताना-रीरी अवार्ड’ से सम्मानित किया। कलाकारों को ताम्रपत्र, चेक और अवार्ड देकर उनकी कला साधना को सराहा गया।