अहमदाबाद के इस्कान ब्रिज हादसे में पांच चश्मदीद गवाह बयान से मुकरे, तकनीकी सुबूतों पर टिकी जांच
इस्कान ब्रिज हादसे में नौ लोगों की मौत के मामले में नया मोड़ आया है, जहां पांच चश्मदीद गवाहों ने ट्रायल कोर्ट में अपने पुराने बयानों से पलटा है।
-1795023961520_m.webp)
इस्कान ब्रिज ब्रिज पर नौ लोगों को रौंदने के केस में पांच चश्मदीद गवाह अपने बयान से मुकरे (सांकेतिक तस्वीर)
HighLights
इस्कान ब्रिज हादसे में पांच चश्मदीद गवाह बयान से पलटे।
तकनीकी सबूत जैसे सीसीटीवी फुटेज, फॉरेंसिक रिपोर्ट अभी भी मौजूद।
आरोपी तथ्य पटेल को सुप्रीम कोर्ट से जमानत मिली।
राज्य ब्यूरो, अहमदाबा। गुजरात के बहुचर्चित इस्कान ब्रिज हादसे में नौ लोगों की मौत के मामले में नया मोड़ आ गया है। हादसे के पांच चश्मदीद गवाहों ने ट्रायल कोर्ट में अपने पुराने बयानों से पलटते हुए कहा है कि उन्हें दुर्घटना के समय कार की रफ्तार की जानकारी नहीं है।
हालांकि, मामले में आरोपित तथ्य पटेल के खिलाफ सीसीटीवी फुटेज और फारेंसिक रिपोर्ट समेत कई तकनीकी सुबूत मौजूद हैं। सुप्रीम कोर्ट ने मई 2026 में तथ्य को जमानत दे दी थी।
अहमदाबाद के सरखेज-गांधीनगर हाईवे स्थित इस्कान ब्रिज पर जुलाई 2023 में रात करीब एक बजे तेज रफ्तार कार ने सड़क हादसे के बाद जमा भीड़ को कुचल दिया था। दोस्तों के साथ पार्टी से लौट रहे तथ्य पटेल की जगुआर कार की चपेट में आने से नौ लोगों की मौत हो गई थी और 13 अन्य घायल हुए थे।
आरोप है कि कार 141 किलोमीटर प्रति घंटे से अधिक की रफ्तार से दौड़ रही थी। मामले के पांच गवाहों ने 18 नवंबर को ट्रायल कोर्ट में कहा कि उन्हें कार की गति का पता नहीं था।
जबकि मजिस्ट्रेट के समक्ष सीआरपीसी की धारा 164 के तहत दर्ज पहले के बयानों में उन्होंने कहा था कि तथ्य लापरवाही से कार चला रहा था और उसकी रफ्तार 140 किलोमीटर प्रति घंटे से अधिक थी।
पुलिस के पास हादसे के सीसीटीवी फुटेज और 15 एफएसएल रिपोर्ट सहित तकनीकी सुबूत हैं। इनमें कार की गति 141 किलोमीटर प्रति घंटे से अधिक बताई गई है। वहीं, जगुआर कंपनी की रिपोर्ट में दुर्घटना के समय गति 137 किलोमीटर प्रति घंटा दर्ज की गई थी। पुलिस ने इस मामले में 1,684 पन्नों का आरोपपत्र दाखिल किया था और 191 लोगों को गवाह बनाया है।
अब तक करीब 40 गवाहों की गवाही पूरी हो चुकी है। प्रमुख गवाह बाइक सवार प्रांशु रुपारेल है, जिसके कैमरे में हादसा रिकॉर्ड हुआ था। उसने पुलिस को फुटेज सौंपे थे और वह अब भी अपने बयान पर कायम है।
तथ्य को 27 मई 2026 को सुप्रीम कोर्ट ने जमानत दी थी। वह तीन जून को साबरमती जेल से बाहर आया। उसने करीब दो साल, 10 महीने और 15 दिन जेल में बिताए।
शीर्ष न्यायालय ने आरोपपत्र दाखिल होने और जांच पूरी होने के आधार पर जमानत दी थी। हाईकोर्ट ने पहले तथ्य के लापरवाही से वाहन चलाने के पुराने इतिहास को देखते हुए नियमित जमानत देने से इन्कार कर दिया था।
पांच गवाहों के मुकरने को आरोपित के लिए राहत के रूप में देखा जा रहा है, लेकिन तकनीकी साक्ष्य और अन्य गवाहों की गवाही मुकदमे में अहम भूमिका निभा सकती है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।