Gujrat Weather : गुजरात में अब तक मानसून की 102 MM बारिश, जानें आगे कैसा रहेगा मौसम
Gujrat Weather गुजरात में पिछले कुछ दिनों से लगातार बारिश हो रही है राज्य में अब तक मानसून की 102 फीसदी वर्षा हो चुकी है। कच्छ में सबसे अधिक 188 प्रतिशत बारिश हुई।
जागरण संवाददाता, अहमदाबाद : गुजरात में पिछले कुछ दिनों से लगातार बारिश हो रही है, राज्य में अब तक मानसून की 102 फीसदी वर्षा हो चुकी है। कच्छ में सबसे अधिक 188 प्रतिशत बारिश हुई। उत्तर–मध्य गुजरात व सौराष्ट्र में आगामी 24 घंटे में भारी वर्षा की चेतावनी दी है।
गुजरात में इस बार मानसून खूब मेहरबान रहा ओर अब तक मानसून की 102 फीसदी वर्षा पूरी हो चुकी है, अभी बीते कुछ दिनों से राज्य में लगातार बारिश हो रही है। कभी मूसलाधार तो कभी हल्की फुहारों से गुजरात भर में वर्षा ऋतु ने दस्तक दे रखी है। बीते चौबीस घंटे में कडी, जोडिया में जहां 11-11 इंच तक बरसात हुई वहीं सौराष्ट्र के मोरबी में 10 इंच बारिश हुई।
बांध 4 फीट तक ओवरफ्लो हो रहा
अहमदाबाद, राजकोट, पाटण, मेहसाणा, जामनगर, पोरबंदर, गोंडल, देवभूमि द्वारका, कच्छ-भुज, साबरकांठा, बनासकांठा में भारी वर्षा से जनजीवन अस्तव्यस्त हो गया है। गोंडल में भारी वर्षा के बाद वैरी डेम के दरवाजे खोले गये, बांध 4 फीट तक ओवरफ्लो हो रहा है। सौराष्ट्र के मोरबी में 10 इंच तथा टंकारा में 11 इंच वर्षा दर्ज की गई। टंकारा के नायक डेम के 15 दरवाजे खोलने पडे। देवभूमि द्वारका, जामनगर व जूनागढ में भी भारी वर्षा दर्ज की गई। सूरत में तापी, वडोदरा में विश्वामित्री, राजकोट में आजी तथा उत्तर गुजरात में रेल नदी अपने पूरे उफान पर है।
खेतों में पानी भरने के भी समाचार
नर्मदा कैनाल टूटने से कई गांवों के खेतों में पानी भरने के भी समाचार हैं। आगामी 24 घंटे में अहमदाबाद, उत्तर गुजरात व सौराष्ट्र – कच्छ में भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। अहमदाबाद में बीते तीन चार दिन से लगातार बादल व बारिश होने से धूप नहीं निकली है। राज्य के 205 बडे बांध व जलाशयों में अब तक 65 प्रतिशत पानी का संग्रह हो चुका है जबकी मानसून की 102 फीसदी बारिश बरस चुकी है।