Gujarat: फ्लैट में छह लोगों के शव मिलने से मची सनसनी, जांच में जुटी पुलिस
अहमदाबाद के वटवा इलाके में एक घर में दो भाई और उनके चार बच्चों के शव मिलने से सनसनी मच गई है पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।
अहमदाबाद, जेएनएन। अहमदाबाद में शुक्रवार तड़के एक दर्दनाक मामला सामने आया है। यहां वटवा क्षेत्र के विंजोल इलाके में श्री प्रयोसा रेजीडेंसी में पुलिस को घर से दो भाइयों और उनके चार बच्चों सहित छह लोगों के शव मिले हैं। वटवा जीआईडीसी पुलिस ने मौके पर पहुंच कर जांच शुरु कर दी है। पुलिस को अभी तक कोई जानकारी नहीं मिली है कि दोनों भाइयों ने बच्चों के साथ आत्महत्या क्यों की। फिलहाल मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है।
दोनों भाइयों ने बच्चों की हत्या करने के बाद आत्महत्या कर ली। प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतकों के नाम गौरांग पटेल और अमरीश पटेल के साथ-साथ उनके बच्चों मयूर, किरात, ध्रुव और सानवी के रूप में पहचाने गए हैं। दोनों भाई एक कपड़े की दुकान में काम करते थे। दोनों भाई बच्चों को घुमाने ले जाने की बात कहकर निकले थे और विजोंल के एक फ्लैट में बच्चों की हत्या करने के बाद आत्महत्या कर ली। आत्महत्या का कारण आर्थिक तंगी या पारिवारिक कारण हो सकता है।
दोनों भाइयों ने छह महीने पहले प्रायोसा रेजीडेंसी की सातवीं मंजिल पर एक फ्लैट किराए पर लिया था। लेकिन फ्लैट में कोई नहीं रहता था। एक भाई का घर वटवा और दूसरे भाई का घर एक हाथीजण में है। घटना के समय उनकी पत्नियां भी घर पर थी। दोनों भाईयों ने बच्चों को बाहर घुमाने के बाहने फ्लैट में जाकर हत्या कर दी इसके बाद खुद आत्महत्या कर ली है।
वटवा पुलिस के मुताबिक मृतकों के शव के पास कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। जिसके कारण आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस की टीम इसकी हर एंगल से जांच कर रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया गया है।
नाम और मृतक की उम्र
अमरीश रमेशचंद्र पटेल (42 वर्ष)
गौरांग रमेश चंद्र पटेल (40 वर्ष)
मयूर अमरीश भाई पटेल (12 वर्ष)
ध्रुव गौरांग भाई पटेल (12 वर्ष)
कीर्ति अमरीश भाई पटेल (9 वर्ष)
शानवी गौरांगभाई पटेल (7 वर्ष)