Move to Jagran APP

कांग्रेस नेता के रामशिला को लेकर दिए गए विवादित बयान के बाद गुजरात राजनीति में आया उबाल

गुजरात के भाजपा अध्यक्ष सी आर पाटिल ने कांग्रेस नेता भरत सिंह सोलंकी को मेंटल हॉस्पिटल भेजने की नसीहत दी है। पाटिल ने कहा सोलंकी को राम मंदिर में हिंदुत्व पर बात करने की कोई जरूरत नहीं है उन्हें अपनी शान में समझ लेना चाहिए।

By Priti JhaEdited By: Published: Wed, 25 May 2022 01:32 PM (IST)Updated: Wed, 25 May 2022 01:46 PM (IST)
कांग्रेस नेता के रामशिला को लेकर दिए गए विवादित बयान के बाद गुजरात राजनीति में आया उबाल

अहमदाबाद, जेएनएन । कांग्रेस नेता के रामशिला को लेकर दिए गए विवादित बयान के बाद गुजरात की राजनीति में उबाल आ गया है । प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पाटिल ने कांग्रेस नेता सोलंकी को मेंटल हॉस्पिटल भेजने की सलाह दी है। मालूम हो कि गुजरात में विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटी भाजपा और कांग्रेस राम मंदिर के मुद्दे पर एक बार फिर आमने-सामने आ गई हैं। पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं गुजरात कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष भरत सिंह सोलंकी ने 1 दिन पहले ओबीसी सम्मेलन में यह बयान देकर विवाद छेड़ दिया कि भाजपा ने गांव- गांव से राम मंदिर के लिए करोड़ों रुपए एकत्र किए। आधा पैसा मंदिर बनने में गया और आधा पैसा वो खा गये।

loksabha election banner

जानकारी हो कि सोलंकी यही नहीं ठहरे, उन्होंने यह भी कहा कि जिन राम शिलाओं को महिलाओं ने पूजन करके अयोध्या भेजा था। भाजपा तथा विश्व हिंदू परिषद ने बाद में उनका ध्यान नहीं रखा और उन पर कुत्ते पेशाब करने लगे थे। प्रदेश भाजपा ने इसी पर कड़ी आपत्ति जताते हुए कांग्रेस को हिंदू विरोधी राम विरोधी बता दिया है।

गुजरात के भाजपा अध्यक्ष सी आर पाटिल ने कांग्रेस नेता भरत सिंह सोलंकी को मेंटल हॉस्पिटल भेजने की नसीहत दी है। पाटिल ने कहा सोलंकी को राम मंदिर में हिंदुत्व पर बात करने की कोई जरूरत नहीं है उन्हें अपनी शान में समझ लेना चाहिए। सोलंकी को अन्य धर्मों के धर्म स्थलों के बारे में बात करके देखना चाहिए पता लग जाएगा। हिंदू और हिंदुत्व पर कांग्रेस नेता आए दिन अपमानजनक टिप्पणियां करते हैं। हिंदू समाज इस बात को अब सहन नहीं करेगा गुजरात की जनता कांग्रेस को इसका जवाब जरूर देगी।

गुजरात के गृह राज्य मंत्री हर्ष संघवी ने कहा है कि भगवान राम एवं रामशिला हमारे लिए आस्था का विषय है कांग्रेस हमेशा हिंदू विरोधी बातें एवं बयान बाजी करती है। हिंदू समाज की भावनाओं को ठेस पहुंचाने का काम कांग्रेस नेता कर रहे हैं पूर्व केंद्रीय मंत्री भरत सिंह सोलंकी के बयान से भगवान राम के प्रति हमारी आस्था को ठेस पहुंची है। संघवी ने गरजते हुए कांग्रेस एवं कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी है कि वह इससे बाज आएं हिंदू समाज यह अपमान बर्दाश्त नहीं करेगा।

गुजरात भाजपा के मीडिया प्रभारी योगेश दवे ने कहा है कि भरत सिंह सोलंकी केंद्र में मंत्री रहे हैं, प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष रह चुके हैं उन जैसे कद का व्यक्ति अगर भगवान राम एवं हिंदुत्व के बारे में ऐसी बातें करता है तो यह शर्म की बात है। कांग्रेस नेताओं को हिंदू धर्म विरोधी बातें करने और उनकी आस्था को ठेस पहुंचाने में मजा आता है, एक बार वे उस धर्म के बारे में भी बोल कर दिखाएं जिस धर्म के प्रति कांग्रेस पार्टी की आस्था नजर आती है, उनका इशारा सीधे-सीधे मुस्लिम एवं ईसाई धर्म पर टिप्पणी करने को है।

यज्ञेश दवे ने कहां है कि चुनाव एवं राजनीति अपनी जगह है लेकिन कांग्रेस जानबूझकर भगवान राम का अपमान करने का प्रयास करती है। यही कांग्रेस के नेता अदालत में शपथ पत्र देकर कह चुके हैं कि भगवान राम का कोई अस्तित्व ही नहीं है। कांग्रेस विधायक किरीट पटेल ने पार्टी के नेता सोलंकी का बचाव करते हुए कहा है कि कांग्रेस राम व हिंदुत्व के खिलाफ नहीं है।

वहीं, भरत सिंह सोलंकी ने ऐसा बयान नहीं दिया है उनके कहने का आशय रामशिला के लिए गांव- गांव पूजन कराकर, धन एकत्र कर भाजपा नेताओं ने हिंदू धर्म की भावनाओं के खिलाफ खिलवाड़ किया है। राम मंदिर का निर्माण लाल पत्थर से किया जा रहा है। उसमें ईटों का उपयोग ही नहीं हो रहा है। शिला पूजन के बाद इन ईटों को इधर-उधर बिखरते भी देखा गया था जिससे भगवान राम में आस्था रखने वाले लोगों की भावनाओं को ठेस पहुंची। भाजपा जानबूझकर असल मुद्दों से ध्यान भटकाने के लिए कभी धर्म तो कभी मंदिर की राजनीति करती है। गुजरात में किसानों की समस्याएं हैं, पानी की समस्याएं, बिजली की समस्या है, बेरोजगारी की समस्या, महंगाई की समस्या लेकिन भाजपा सिर्फ मंदिर और धर्म में उलझा कर लोगों को गुमराह करना चाहती है।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.