रेलवे स्टेशन पर करोड़ों के सोने की चोरी का खुलासा, गुजरात पुलिस ने 4 चोरों को दबोचा
गुजरात पुलिस ने खेड़ा जिले के एक रेलवे स्टेशन से 4 करोड़ रुपये का 2.9 किलोग्राम सोना चोरी होने के कुछ ही घंटों के भीतर मामला सुलझा लिया।

रेलवे स्टेशन पर चोरी के कुछ ही घंटों के अंदर चार गिरफ्तार।
HighLights
गुजरात पुलिस ने कुछ ही घंटों में चोरी का मामला सुलझाया।
खेड़ा जिले के रेलवे स्टेशन से 2.9 किलोग्राम सोना चोरी हुआ था।
चार आरोपियों को गिरफ्तार कर 4 करोड़ रुपये का सोना बरामद।
डिजिटल डेस्क, अहमदाबाद। गुजरात पुलिस ने कुछ ही घंटों में एक बड़ी चोरी का मामला सुलझा लिया है। पुलिस ने चार लोगों को गिरफ्तार कर चार करोड़ रुपये का 2.9 किलोग्राम सोना बरामद किया। इसे खेड़ा जिले के एक रेलवे स्टेशन से चुराया गया था।
एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि अहमदाबाद ग्रामीण पुलिस और रेलवे पुलिस की संयुक्त टीमों ने शनिवार शाम हुई चोरी के कुछ ही घंटों के भीतर विरमगाम के पास संदिग्धों को रोक लिया। आरोप है कि चोरों के गिरोह ने एक ज्वेलर के कर्मचारी को अपना निशाना बनाया। यह कर्मचारी कोलकाता से सोना लेकर नाडियाड रेलवे स्टेशन पहुंचा था।
सूचना मिलने के बाद स्थानीय क्राइम ब्रांच और विरमगाम टाउन पुलिस की टीमों ने बिना नंबर वाली गाड़ी को रोकने के लिए ट्रक का इस्तेमाल कर नाकेबंदी की और मौके पर ही एक संदिग्ध को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ के दौरान गिरफ्तार संदिग्ध ने बताया कि उसके तीन साथी चोरी का सोना लेकर कार में सवार होकर आगे निकल गए। इसके बाद पुलिस ने कार का पता लगाकर तीनों को गिरफ्तार कर लिया।
